राह में अगर आ रही चट्टानें तो हौंसले भी कुछ कम नहीं : डॉ. महंत

Posted On:- 2022-06-13



मां की करुण पुकार से पिघलेगा ईश्वर का दिल, जल्द मिलेगी सफलता

रायपुर (वीएनएस)। ये हम सबने बार-बार सुना है किन्तु पिछले तीन दिनों से पल-पल अनुभव कर रहे हैं कि जाको राखे साईयाँ, मार सके न कोय... जी हां, नन्हे बालक राहुल को बचाने के मिशन में ये हो रहा। अगर बचाव के रास्ते में कठोर चट्टानें आ रही है तो रेस्क्यू में जुटी टीम के हर सदस्य के इरादे और प्रयास भी उससे बुलंद है। राहुल भी सचेत है। नि:संदेह उसके बचाव में जुटी टीम के सदस्य अपने इस प्रयास को जल्द ही सफल करेंगे।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने जांजगीर-चाम्पा जिले के ग्राम पिहरीद में 10 जून को बाड़ी के बोर में गिरे राहुल साहू 10 वर्ष को बाहर निकालने के लिए किए जा रहे तमाम कोशिशों पर पल-पल की नजर रखी है। डॉ. महंत ने अपने लोगों को हर पल पर नजर रखने के साथ लगातार जानकारी लेने का सिलसिला जारी रखा है। उनके द्वारा गुजरात की रोबोटिक टीम की असफलता से हिम्मत नहीं हारने व एसईसीएल की इमरजेंसी रिस्पांस टीम के साथ बोर के बराबर सुरंग खोदकर बालक को बचाने की कोशिशों को सराहा है। इनके साथ-साथ स्थानीय पुलिस, प्रशासन और हर तरह से सहयोग कर रहे लोगों से हिम्मत नहीं हारने की अपील की है।

डॉ. महंत ने कहा है कि मौके पर मां और परिजन करूण पुकार कर रहे है ताकि बच्चे की हिम्मत कमजोर न पड़े। मां की यह ममता नि:संदेह राहुल को इस आपदा से खींचकर सकुशल बाहर ले आएगी।