सूरजपुर(वीएनएस)। सूरजपुर स्थित देवीपुर बांध में बाढ़ आपदा राहत दल के जवानों ने आज जिले में उपलब्ध समस्त बाढ़ सामग्री का परीक्षण एवं मॉक ड्रिल किया। जिला पंचायत सीईओ लीना कोसम, संयुक्त कलेक्टर शिव बनर्जी, एसडीएम रवि सिंह ने जिला सेनानी नगर सेना संजय गुप्ता की उपस्थिति में मॉक ड्रिल का अवलोकन एवं निरीक्षण किया। जिला पंचायत सीईओ लीना कोसम ने बाढ़ आपदा एवं बचाव की टीम को स्वयं का बचाव करते हुए आपातकालीन सेवा कर समय में बेहतर प्रबंधन कर जोखिम में फंसे व्यक्तियों का जान बचाने के लिए हौसला अफजाई की।
इस दौरान बचाव दल के जवानों ने आपदा के समय व्यक्ति को पानी के भीतर खोजने, उसे सुरक्षा पूर्वक लाइव बोट तक लाने का ड्रिल प्रस्तुत किया। इसके साथ ही बचाव के दौरान उपयोग होने वाले सभी उपकरणों का डेमो भी किया। जिसमें सही तरीके से लाइफ जैकेट पहनना, डूबते व्यक्ति को तैराक द्वारा बचाए जाना, अंडर वाटर ड्राइविंग कर पानी के भीतर व्यक्तियों को पता लगाना भी ड्रिल किया गया। इसके अलावा जवानों ने परंपरागत तरीके से निर्मित गांव में उपलब्ध सामानों से बचाव के उपकरण तैयार करने एवं बचाने के तरीके भी बताएं जैसे खाली बोतल से तैयार लाइफ जैकेट, थर्माकोल से तैयार लाइफ जैकेट, घरेलू उपयोग में आने वाले डेकची से तैयार लाइफ जैकेट, टीना डब्बे से बनाए गए उपकरण से भी बाढ़ के समय बचा जा सकता है। इस दौरान मोटर बोट, चेन सा, आस्का लाइट, फुल बॉडी हार्नेस, लाइफ ब्वॉय, लाइफ जैकेट, स्ट्रेचर, रस्सी, फर्स्ट एड बॉक्स इत्यादि का प्रदर्शन व उपयोग के तरीके को बताया गया। मॉक ड्रिल में आज उप निरीक्षक राकेश पांडे, मेजर बीरबल गुप्ता, संजय साहू, धीरेंद्र राजवाड़े, धनसाय नेताम, श्री ओमकार, रिकेश, प्रदीप, रणसाय, मुन्नीलाल, रूपनारायण, अमर साय, अशोक, विदेश सिंह, राजेश साहू,ने बाढ़ आपदा से बचाव की पूर्व अभ्यास कर जानकारी दी।
जिला सेनानी नगर सेना अधिकारी संजय गुप्ता ने बताया कि बाढ़ बचाव दल लगभग 20 नगर सेना के जवान बाढ़ आपदा की स्थिति में सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात रहते हैं। उन्होंने बताया कि किसी प्रकार की घटना होने पर जनता 112 नंबर पर संपर्क के अलावा जिला कंट्रोल नंबर 07775-266116 एवं नगर सेना कार्यालय नंबर 0777-5299098 तथा बाढ़ बचाव प्रभारी 99775 34037 पर भी संपर्क कर सूचना दी जा सकती है।