रायपुर (वीएनएस)। पिछले 60 घंटों से भी ज्याद समय से बोरवेल में फंसे राहुल से बचाव दल महज कुछ मीटर की दूरी पर है। इसी बीच रेस्क्यू के बाद राहुल को तुरंत चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल स्टाफ भी रेस्क्यू स्थल पर मुस्तैद है। मेडिकल स्टाफ पूरी तैयारी के साथ अलर्ट मोड पर है। ऑक्सीजन, मास्क के साथ स्ट्रेचर की व्यवस्था है। वहीं मुख्यमंत्री बघेल ने राहुल के रेस्क्यू के बाद अस्पताल ले जाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाने के निर्देश कलेक्टर जितेंद्र शुक्ला और एस.पी. विजय अग्रवाल को दिए हैं। मेडिकल स्टाफ की कोशिश होगी जब राहुल को बाहर निकाला जाएगा तो स्वास्थ्य जांच करते हुए एम्बुलेंस में ही सम्पूर्ण चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए अपोलो अस्पताल बिलासपुर तक सुरक्षित पहुचाया जाए।