गौठान के नोडल अधिकारियों को बताये गये उनके दायित्व

Posted On:- 2022-06-13



  गरियाबंद (वीएनएस)। जिला पंचायत सीईओ श्रीमती रोक्तिमा यादव ने अधिकारियों की आज बैठक में जिले में मनरेगा के तहत निर्माण कार्य, गौठान एवं चारागाह निर्माण, वन विभाग में स्वीकृत आवर्ती चराई, गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी, वर्मी कम्पोस्ट, सुपर कम्पोस्ट, राजस्व प्रकरण,वन अधिकार पट्टा वितरण, लोक सेवा केन्द्र के प्रकरण, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लीनिक, जल-जीवन मिशन, तथा किसान क्रेडिट कार्ड के अद्यतन स्थिति की विभागीय अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने पेंशन, राशन कार्ड एवं किसान के.वाई.सी. के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिये। इसके अलावा गौठान हेतु नियुक्त नोडल अधिकारियों को उनके कार्य दायित्वों के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिये। बैठक में सहायक संचालक कृषि श्री नरसिंह ध्रुव ने सुराजी गांव योजना के तहत नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी के बेहतर क्रियान्वयन के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने गौठान एवं गोधन न्याय योजना, गौठान के मुख्य नौ निर्देशक तत्व, गौठान प्रबंधन समिति, कम्पोस्ट उत्पादन एवं विक्रय प्रक्रिया, गोबर क्रय, वर्मी कम्पोस्ट का उत्पादन, वर्मी टांका, वर्मी कीट, वर्मी कम्पोस्ट विक्रय एवं भुगतान, स्वावलम्बी गौठान, गौठान प्रबंधन समिति में संधारित की जाने वाली प्रमुख पंजियां, गौठानों में संचालित मल्टीएक्टीविटी आदि के संबंध में नोडल अधिकारियों को विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर समस्त विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।