जनचौपाल में मिले 38 आवेदन

Posted On:- 2022-06-13



गरियाबंद (वीएनएस)। जिला कार्यालय गरियाबंद में प्रत्येक सप्ताह सोमवार को आयोजित जनचौपाल में कलेक्टर श्री प्रभात मलिक के निर्देश पर जिला पंचायत सीईओ श्रीमती रोक्तिमा यादव ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र से आये 38 लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर आवेदकों को उनकी समस्या के निराकरण के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। जनचौपाल में 38 नागरिकों ने अपनी समस्या संबंधी आवेदन प्रस्तुत किये। जनचौपाल में कौंदकेरा के समस्त ग्रामवासी ने वर्ष 2020-21 के ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को सर्वे सूची में क्षतिग्रस्त फसल के अनुदान राशि के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किये है। ग्राम पीपरछेड़ी के दुजलाल ठाकुर, रामचन्द्र ध्रुव ने पशुशेड निर्माण की राशि दिलवाने, ग्राम कौंदकेरा के घनाराम साहू ने आवास प्रदान करने, गाड़ाघाट के समस्त ग्रामवासी ने सोसायटी भवन (खाद्य गोदाम) निर्माण हेतु राशि स्वीकृत करने, श्मशानघाट तक बाढ़ नियंत्रण (तटबंध) बनाने हेतु राशि स्वीकृत करने तथा पुलिया निर्माण, ग्राम चरौदा के श्री सुदन ने धारित काबिज कृषि भूमि का पट्टा दिलाने व ग्राम लोहझर की कुन्तीबाई ने वन अधिकार पट्टा दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किये। संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर निराकरण के लिए निर्देशित किया गया। इस अवसर जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।