
रायपुर (वीएनएस)। राज्यपाल अनुसुईया उइके ने कबीर जयंती के अवसर पर देश एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा है कि भक्तिकाल के निर्गुण धारा के प्रवर्तक संत कबीर दास महान समाज सुधारक थे। उन्होंने तत्कालीन समाज को नई दिशा प्रदान की और समाज में फैली कुरीतियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से आम जनता को भाई-चारा, प्रेम, सद्भावना और मानवता का संदेश दिया। उनके दोहे मनुष्य को अज्ञानता के अंधकार से निकालकर ज्ञान के प्रकाश में ले जाने का कार्य करते हैं। उनके संदेश वर्तमान समय में भी प्रासंगिक हैं।