स्वस्थ व सतर्क रहकर करें स्वैच्छिक रक्तदान : अनुसुइया उइके

Posted On:- 2022-06-13



राज्यपाल ने आम नागरिकों से की रक्तदान करने की अपील

रायपुर (वीएनएस)। राज्यपाल अनुसुईया उइके ने विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर राज्य के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की है। राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा है कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है। रक्तदान को सभी दानों में सर्वश्रेष्ठ दान माना जाता है क्योंकि इससे किसी का जीवन बचाया जा सकता है। सिकलसेल, एनीमिया, थैलेसिमिया, प्रसव के समय महिलाओं को, किसी दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने पर या बीमार होने पर लोगों को रक्त की आवश्यकता पड़ती है तो दान किये रक्त से उसकी पूर्ति की जा सकती है। ब्लड बैंकों में रक्त की आवश्यकता की निरंतर पूर्ति करने के लिये पर्याप्त मात्रा में रक्त संग्रह होना जरूरी है। राज्यपाल उइके ने कहा है कि स्वस्थ्य व्यक्ति सुरक्षा मापदण्डों का पालन करते हुए चिकित्सक की सलाह पर स्वैच्छिक रक्तदान कर सकते हैं। राज्यपाल ने कहा है कि रक्तदान हेतु जारी की गई गाइडलाइन का पालन करते हुए लोग अधिक से अधिक रक्तदान करें और संकटग्रस्त मनुष्य का जीवन बचाएं। एक व्यक्ति द्वारा किये गये रक्तदान से चार जिंदगियां बच सकती है।