जशपुरनगर (वीएनएस)।सरगुजा संभाग आयुक्त जी आर चुरेन्द्र ने सन्ना क्षेत्र का आकस्मिक दौरा किया। उन्होंने दौरा में लोरो में स्थित मिर्च प्रोसेसिंग यूनिट, निर्माणाधीन नवीन तहसील भवन सन्ना, तहसील कार्यालय सन्ना, एवं सन्ना के सरना टोली बस्ती के किनारे स्थित बांधटोली नहर का निरीक्षण किया ।
संभागायुक्त ने लोरो में प्रसंस्करण इकाई में संचालन कर्ता नाबार्ड समर्थित समूह एवं मिर्च उत्पादक किसानों से चर्चा की गई । नाबार्ड द्वारा बनाए गए किसान उत्पादक संगठन के कार्यकर्ता राजेश गुप्ता को उनके द्वारा किसानों को व्यावसायिक खेती हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को किसान उत्पादक संगठन से जुड़कर जिला प्रशासन के तकनीकी मार्गदर्शन एवं सहयोग से उन्नत खेती कर आत्मनिर्भर बनने हेतु प्रेरित किया गया।
संभाग आयुक्त के द्वारा निरीक्षण में निर्माणाधीन तहसील भवन के धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की गई। उनके द्वारा ठेकेदार को निर्माण कार्य में तीव्रता लाते हुए सितंबर माह तक कार्य पूर्ण करने निर्देशित किया गया । तहसीलदार सन्ना को निर्माणाधीन मकान का सतत निरीक्षण कर कार्य समय पर पूर्ण कराने कहा। साथ ही उन्होंने नवीन तहसील कार्यालय सन्ना का निरीक्षण कर अधिकारी कर्मचारियों को कर्तव्य निष्ठा के साथ आम लोगों के हित में त्वरित रूप से कार्य करने हेतु प्रेरित किया गया एवं कार्यालय में नियमित साफ-सफाई किए जाने हेतु निर्देशित किया ।
उन्होंने सन्ना के सरना टोली में स्थित नहर का निरीक्षण में ग्राम वासियों से चर्चा उपरांत नहर से किसानों को होने वाले लाभ को देखते हुए तत्काल मुख्य कार्यपालन अधिकारी बगीचा एवं एसडीओ आर ई एस को मनरेगा से नहर के साफ-सफाई एवं मरम्मत हेतु प्रस्ताव भेजने हेतु निर्देशित किया गया। जनपद सीईओ बगीचा एवं आर ई एस अनुभाग अधिकारी को ग्राम सन्ना में सामुदायिक भवन सह तहसीलदार आवास बनाये जाने हेतु प्रस्ताव बनाकर संभागायुक्त कार्यालय में स्वीकृति हेतु भेजने के निर्देश दिए गए। उन्होंने जनपद सीईओ बगीचा को बगीचा ब्लॉक के विस्तृत क्षेत्रफल को देखते हुए आम लोगों की सुविधा हेतु तहसील मुख्यालय ग्राम सन्ना में जनपद बगीचा का लिंक कार्यालय खोलने हेतु निर्देशित किया गया है।