कवर्धा (वीएनएस)। वन, परिवहन, आवास, पर्यावरण, विधि विधायी तथा जलवायु परिवर्तन मंत्री व कवर्धा विधायक मोहम्मद अकबर लोगों की समस्याएं, शिकायत, मांगों को सुनने और उसका निराकरण करने स्वयं सुदूर वनांचल क्षेत्र के गांव-गांव तक पहुंच रहे हैं। गांव में पहुंच कर वहां के लोगों के बीच में सीधा संवाद कर लोगों के मांग, शिकायत और समस्याओं से रूबरू हो रहे है। इसी तारतम्य में वन मंत्री अकबर सोमवार, 13 जून को बोड़ला विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र के तरेगांव पहुंचे। जहां जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में वहां के निवासियों से प्राप्त आवेदनों, समस्याएं, शिकायत और मांगों पर चर्चा कर अधिकारियों को निराकरण करने के निर्देश दिए। शिविर में कुल 325 आवेदन प्राप्त हुए। मंत्री अकबर ने सभी आवेदकों से वन-टू-वन चर्चा कर उनके समस्याओं, मांग और शिकातयों से संबंधित विभागीय अधिकारियों से निराकरण की स्थिति से स्वयं अवगत भी हुए और आवेदकों को शिविर स्थल पर ही अधिकारी द्वारा उनके आवेदन पर हुए कार्यवाही को अवगत भी कराया।
मंत्री अकबर ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन आवेदनों पर निराकरण शिविर स्थल पर नहीं हो सका, ऐसे आवेदनों को विभाग निराकरण के लिए समय निकालें, आवेदनों का परीक्षण करायें और उन पर कार्यवाही करते हुए ठोस तथा गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें। मंत्री अकबर ने शिविर में लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता के अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। शिविर में सभी विभागों के प्रमुखों ने प्राप्त आवेदन की जानकारी दी। उन्होंने सभी आवेदनों को पढ़कर सुनाया और कहा की प्राप्त आवेदनों का निराकरण निश्चित समय सीमा में पूरा किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने शिविर में राशन कार्ड का वितरण किया। इसके साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए परिवहन विभाग द्वारा शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान मंत्री अकबर हितग्राही ग्राम दुल्लापुर निवासी राम कुमार साहू को 4 लाख रुपए का चेक प्रदान किया।
मंत्री अकबर ने कहा कि जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामवासियों तक पहुंचकर उनकी समस्या को सुनकर उनका त्वरित निराकरण करना है। वनांचल क्षेत्र में राशन कार्ड, बिजली, पेयजल जैसे समस्या शासन प्रशासन तक पहुंच सके और उसका त्वरित निराकरण किया जा सके। इस निवारण शिविर का लाभ अधिक से अधिक लोगों को लेना चाहिए। मंत्री अकबर ने ग्रामीणों द्वारा प्राप्त आवेदन पर आवेदनकर्ता से चर्चा कर विभाग को निराकरण करने के निर्देश दिए। जल संसाधन विभाग के अधिकारी ने बताया कि तीन आवेदन प्राप्त हुए है, जो भूमि मुआवजा से संबंधित है। वन मंत्री अकबर ने निर्देश दिए की प्राप्त आवेदन की जांच कर उनका सत्यापन करें। उन्हें नियमों के तहत मुआवजा प्राप्त होता है तो उपलब्ध कराएं। वन मंत्री अकबर ने बताया कि ग्राम मगरवाड़ा में 3 करोड़ 86 लाख का डायवर्सन मंजूर होकर बन चुका है और उसमे नहर नाली का कार्य किया जाना है। 27 लोगों को मुआवजा मिल चुका है और कुछ लोगों का बाकी है, जिनका मुआवजा बाकी है वो प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा निर्माण कार्य के लिए मना किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारी से कहा की गांव में जाकर बैठक ले और जानकारी दे की इससे 5 गांव को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होगा। वही विद्युत विभाग द्वारा प्राप्त आवेदन पर कहा की लोगों को विद्युत आपूर्ति होना चाहिए। बारिश के दिनों में विद्युत अमला सतर्क रहे और तत्परता से कार्य करे। उन्होंने आदिमजाति कल्याण विभाग को वन अधिकार पत्र के संबंध में प्राप्त आवेदन पर कहा कि 2 महीने में जांच प्रतिवेदन तैयार कर आगे की कार्रवाई करे। सहायक आयुक्त ने बताया कि ग्राम दलदली के आदिमजाति छात्रावास में सीट की संख्या बढ़ाने के लिए आवेदन प्राप्त हुए थे जिसके लिए प्रस्ताव तैयार करके भेजा गया है। पीएचई विभाग के अधिकारी ने बताया कि जन समस्या निवारण शिविर ने 30 आवेदन प्राप्त हुए है। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन, हर घर नल योजना के तहत विभिन्न कार्य स्वीकृत किए गए है, जिससे ग्रामों में रहने वाले लोगों के घर तक नल में पानी पहुंचेगा। मंत्री अकबर ने कहा की सभी कार्य दिसंबर तक पूरा होना चाहिए। ग्रामीणों को इसका लाभ जल्दी से मिलें। उन्होंने ग्राम अचानकपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का पद रिक्त होने पर नियुक्ति करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर रमेश शर्मा, पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेंद सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मनीषा रावटे, एसडीएम पी.सी.कोरी, अगम अनंत, राजकुमार तिवारी, जनपद अध्यक्ष श्रीमती अमिता प्रभाती मरकाम, जिला पंचायत सदस्य मुखी राम मरकाम, तुका राम चंद्रवंशी, राम कुमार पटेल, सनत जायसवाल, पीताम्बर वर्मा, राजेश मेरावी, गोरे लाल चंद्रवंशी, अमर सिंह वर्मा, दरपत गढ़ेवाल, हीरा ग्वाल, छविराम वर्मा, मन्नु चंद्रवंशी, संतोष अवस्थी, अमित वर्मा, रामशरण साहू सहित बड़ी संख्या में वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणजन एवं संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंचगण उपस्थित थे।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने 356 मरीजों का किया स्वास्थ जांच
जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच किया गया। वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि वनाचल क्षेत्रों के निवासियों को स्वस्थ की जांच का लाभ उनके गांव में मिल सके इसके लिए जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम लगाई गई है। जहा सभी प्रकार के जांच चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वस्थ अधिकारी सुजाय मुखर्जी ने बताया कि शिविर में 356 ग्रामीणों का स्वास्थ जांच कर लाभ पहुंचाया गया। जिसमे 170 लोगों का दांत जांच,62 बीपी शुगर के मरीज, 42 खून की कमी, 38 मलेरिया के मरीज के साथ अन्य सामान्य बीमारी के लक्षण के मरीज पाए गए। जिसका उपचार किया गया और आवश्यक दवाईयां उपलब्ध कराई गई साथ ही स्वस्थ संबधी सलाह भी दी गई। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से कोई मरीज नहीं पाया गया।