बारिश से पहले नालों की साफ सफाई करें : डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे

Posted On:- 2022-06-14



कलेक्टर ने बीएसपी और नगर निगम के अधिकारियों को दिए निर्देश

दुर्ग (वीएनएस)। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने आज भिलाई निगम में बीएसपी तथा निगम के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि बारिश के पहले नालों की साफ सफाई हो जानी चाहिए तथा किसी भी सूरत में जलभराव की स्थिति नहीं होनी चाहिए। अगले सात आठ दिनों में सघन अभियान चलाकर बड़े नाले की साफ सफाई की जाए। बैक लेन पर विशेष रूप से फोकस करें ताकि किसी भी तरह से नाले से शहर में जलभराव की स्थिति पैदा न हो। कलेक्टर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्य में लापरवाही नहीं होनी चाहिए क्योंकि यह जन सुविधाओं से संबंधित पहलू है। उन्होंने कहा कि बारिश में जलभराव होने से लोगों को बड़ी समस्या का सामना करना पड़ता है। अभी मानसून आने से पहले कुछ दिन बचे हैं इसमें व्यापक तौर पर ड्रेनेज सिस्टम को लेकर काम सुनिश्चित करें। नालों की सभी जलकुंभी हट जाए ताकि इस वजह से जलभराव की दिक्कत ना आए। बारिश बारिश से पहले सभी टंकियों की साफ सफाई करें ताकि किसी तरह से शुद्ध पेयजल की दिक्कत ना हो। उन्होंने कहा कि डेंगू के रोकथाम पर नजर रखनी भी जरूरी है सभी कूलर की साफ सफाई करें। इसके साथ ही शहर में पानी की आपूर्ति में भी किसी तरह की दिक्कत में हो, यह भी सुनिश्चित करें। जिस समय नल खुलता है उस समय लगातार अधिकारी मॉनिटर करते रहें। इसके साथ ही कलेक्टर ने पात्र हितग्राहियों को पट्टा वितरित किए जाने के संबंध में भी अधिकारियों को निर्देश दिए। कलेक्टर ने निगम के अधिकारियों को कहा कि लोगों की बुनियादी सुविधाओं में किसी तरह की दिक्कत ना हो, यह सुनिश्चित करें। समय सीमा के भीतर लोगों का काम सुनिश्चित हो, इसकी लगातार मॉनिटरिंग करते रहें। बैठक में आयुक्त प्रकाश सर्वे सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।