इंस्पायर अवार्ड में रानांदगांव प्रथम

Posted On:- 2022-06-14



देशभर में छत्तीसगढ़ ने प्राप्त किया तीसरा स्थान

राजनांदगांव (वीएनएस)। इंस्पायर अवार्ड पंजीयन में राजनांदगांव जिला छत्तीसगढ़ में अव्वल रहा है, जबकि पूरे भारत वर्ष में छत्तीसगढ़ का स्थान वर्ष 2019- 20 में तृतीय व वर्ष 2020-21 में द्वितीय रहा है, जो की प्रदेश व जिले के लिए अत्यंत गौरव की बात है। शुक्रवार को इंस्पायर अवार्ड के जिला नोडल अधिकारी आदित्य खरे को संचालक लोक शिक्षण संचालनालय सुनील जैन ने रायपुर में सम्मानित किया। इस अवसर पर राज्य के नोडल अधिकारी आशुतोष चौरे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। इस गौरवशाली उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी आरएल ठाकुर ने नोडल अधिकारी सहित सभी बीईओ, एबीईओ, बीआरसी, सीएसी व प्राचार्यों को बधाई देते हुए इसी तरह लगन व उत्साह से कार्य करते रहने प्रोत्साहित किया है। इस उपलब्धि से जिले में एक नई ऊर्जा के साथ उत्साह का संचार हुआ है।

उल्लेखनीय है कि भारत के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा शुरू किया गया इंस्पायर कार्यक्रम एक अनोखा कार्यक्रम है। जिसके तहत विज्ञान में बेहतरीन प्रतिभावान छात्रों को आकर्षित करने का प्रयास किया जाता है, इसके साथ ही विज्ञान संबंधी रोजगार चुनने के लिए आवश्यक अवसरों के साथ उन्हें विज्ञान संबंधी रोजगारपरक शोध कार्यों के लिए वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाती है।