पुलिस ने किया अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, कोचिया गिरफ्तार...

Posted On:- 2022-06-14



बलौदाबाजार (वीएनएस)। सायबर सेल और चौकी लवन पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर ग्राम मरदा में महुआ शराब बनाने की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। अपने घर में गैस चूल्हा के माध्यम से महुआ शराब बनाते एक बड़े शराब कोचिया को रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी महुआ शराब को पाउच में पैकिंग कर सप्लाई करता था । आरोपी से 50 लीटर महुआ शराब जब्त की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार झा के निर्देशन में साइबर सेल बलोदाबाजार और चौकी लवन पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम मरदा में दबिश देकर एक महुआ शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। ग्राम मरदा में आरोपी शराब कोचिया दीपक कुमार टंडन ने अपने घर में महुआ शराब बनाने फैक्ट्री बना रखी थी। लवन क्षेत्र में दीपक कुमार टंडन का नाम एक बड़े शराब महुआ शराब कोचिया के रूप में कुख्यात हो चुका था। आरोपी अपने घर पर महुआ शराब बनाकर उसे पालीथीन पाउच मे पैकिंग करते हुए महुआ पाउच के रूप में इलाके में सप्लाई करता था। मुखबिर की पुख्ता सूचना पर मंगलवार को आरोपी के घर में पुलिस टीम ने रेड कार्रवाई कर शराब कोचिया दीपक कुमार टंडन को गिरफ्तार किया।

पुलिस टीम ने जब आरोपी के घर में दबिश दी, तब उस समय भी आरोपी अपने घर मे गैस चूल्हा में महुआ शराब बना रहा था, जिसे मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ा गया है। इस दौरान आरोपी से 50 लीटर महुआ शराब जप्त किया गया है। पुलिस टीम ने आरोपी के घर की छानबीन की, जिसमें महुआ शराब बनाने के लिए इस्तेमाल भारी संख्या में बर्तन, प्लास्टिक टब, डिब्बा, गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा एवं महुआ पाउच पैकिंग करने के लिए पैकिंग मशीन बरामद किया गया है। प्रकरण में आरोपी दीपक कुमार टंडन पिता सूर्य कुमार उम्र 29 वर्ष निवासी ग्राम मरदा के विरुद्ध चौकी लवन में आबकारी एक्ट की धाराओं के तहत कार्यवाही की जा रही है।