खेलो इंडिया युवा खेल में हरियाणा 137 पदक के साथ शीर्ष पर रहा

Posted On:- 2022-06-14



नई दिल्ली (वीएनएस)। खेलो इंडिया युवा खेल 2021 कल संपन्न हो गये। हरियाणा कुल 137 पदक के साथ तालिका में शीर्ष पर रहा। उसने 52 स्वर्ण, 39 रजत और 46 कांस्य पदक जीते। महाराष्ट्र 125 पदक जीत कर दूसरे स्थान पर रहा। इन पदकों में 45 स्वर्ण, 40 रजत और 40 कांस्य पदक शामिल हैं। 22 स्वर्ण, 17 रजत और 28 कांस्य पदक जीतकर कर्नाटक तीसरे स्थान पर रहा। समापन समारोह पंचकुला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया जिसमें हरियाणा के राज्यपाल बंदारू दत्तात्रेय मुख्य अतिथि थे। इस अवसर पर उन्‍होंने कहा कि वे आश्वस्त हैं कि खेलो इंडिया युवा खेल के आयोजन से देश को अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी मिलेंगे। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों ने कठिन परिश्रम से पदक जीते। इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए युवा मामलों और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल और हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह को खेलो इंडिया युवा खेल आयोजित करने और खिलाड़ियों को सभी प्रकार की सुविधाएं देने के लिए बधाई दी। खेलो इंडिया युवा खेल के चौथे संस्करण में 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में भाग लिया।