धमतरी (वीएनएस)।प्रदेश के साथ-साथ जिले में अब पेट्रोल पंप सूखे की स्थिति में आने लगे हैं। जिसमें ज्यादातर एचपी के पेट्रोल पंप प्रभावित हैं। लोगों को पेट्रोल और डीजल के लिए भटकना पड़ रहा है। पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल नहीं मिलने से व्यवसाय भी प्रभावित होने लगा है। एडवांस में पेमेंट देने के बावजूद डिपो से तेल नहीं मिलने से पेट्रोल पंप संचालक बहुत परेशान हैं। देश प्रदेश में तेल का संकट छाया हुआ है। जिसमें जिले के लगभग 40 से अधिक पेट्रोल पंप में तेल की कमी होने लगी है। इसमें सबसे ज्यादा एचपी कंपनी के पेट्रोल पंप ही प्रभावित हैं। बाकी अन्य में पेट्रोल डीजल उपलब्ध है। जिले में ज्यादातर एचपी के ही पेट्रोल पंप हैं। इस वजह से लोगों को ज्यादा परेशानी हो रही है। इससे व्यवसाय भी प्रभावित होने लगा है। ग्राहकों के साथ-साथ संचालक परेशान हैं। डिपो और तेल कंपनियों द्वारा स्पष्ट कारण नहीं बताया जा रहा है। एडवांस पेमेंट देने के बावजूद संचालकों को तेल उपलब्ध नहीं कराया जाता है। क्या कहते हैं पेट्रोल पंप संचालक धमतरी इंटरप्राइजेस एचपी पेट्रोल पंप के संचालक अब्दुल रहमान ने बताया कि कुछ दिनों पहले एडवांस में पेमेंट देने पर पेट्रोल डीजल उपलब्ध हो जाता था लेकिन अब वह भी मुश्किल हो रहा है। पेमेंट देने के बावजूद कब तेल मिलेगा, इसकी कोई गारंटी नहीं होती है। जैसे तैसे मैनेज किया जा रहा है। हालांकि ड्राई की स्थिति नहीं बनी है लेकिन कुछ दिनों में यह स्थिति बन सकती है। आमदी एचपी पेट्रोल पंप के संचालक संजीव साहू ने बताया कि एडवांस पेमेंट देने के बावजूद तीन-चार दिनों तक तेल नहीं दिया जाता है। पेट्रोल और डीजल रोक रोक कर काम चलाया जा रहा है। कल यदि तेल नहीं मिला तो ड्राई की स्थिति बन सकती है। ज्यादा लेने वालों को आधा ही दिया जा रहा है। उधारी बिल्कुल बंद कर दिया गया है। सेहराडबरी एचपी पैट्रोल पंप संचालक टीडी सिन्हा ने बताया कि डिपो में ही तेल नहीं है। मंदिर हसौद में कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल पा रहा है। डीजल खत्म हो चुका है। पेट्रोल आज के बाद खत्म हो जाएगा। इससे इमरजेंसी सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। एंबुलेंस को भी देने में परेशानी हो रही है। इंडियन आयल में उपलब्ध आरवी कुमार पेट्रोल पंप के संचालक सौरभ नंदा ने बताया कि उनके यहां पेट्रोल और डीजल दोनों पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। देमार के दंतेश्वरी पेट्रोल पंप के संचालक प्रियेश अग्रवाल ने बताया कि उनके यहां भी पर्याप्त सप्लाई है। कहीं कोई परेशानी नहीं है।