विश्व रक्तदाता दिवस पर 150 लोगों ने किया रक्तदान

Posted On:- 2022-06-14



बस्तर (वीएनएस)। विश्व रक्तदाता दिवस पर जिले में जरूरतमंदों को समय पर ब्लड उपलब्ध कराने को इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी एवं युवोदय के संयुक्त तत्वाधान में विश्व रक्तदाता दिवस मनाया गया। इस मौके पर मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें 150 लोगों ने भाग लिया। रक्तदान शिविर में प्रमुख रूप से जिला कलेक्टर रजत बंसल, जिला पंचायत सीईओ, सीएमएचओ आर.के.चतुर्वेदी, पूर्व अधीक्षक के एल. आजाद, एचओडी पैथोलॉजी सहित अन्य अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने रक्तदान कर जिलेवासियों को रक्तदान करने के लिये जागरूक किया । कलेक्टर रजत बंसल ने नागरिकों से की अपील- "वैश्विक महामारी काल में जरूरतमंद हेतु रक्त की कमी ना हो उसे देखते हुए आप सभी गणमान्य नागरिक एवं रक्त दाताओं से अपील है कि समय-समय पर रक्तदान कर मानव जीवन को बचाने में अपना बहुमूल्य योगदान दें।" इस मौके पर सीएमएचओ आर.के.चतुर्वेदी ने बताया: " रक्तदान शिविर आयोजन करने का मुख्य उद्देश्य रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना है। रक्तदान करना महान कार्य है, इसे नियमित अंतराल पर करना चाहिए । रक्तदान से हार्ट अटैक की संभावनाएं कम होती हैं। आयरन की मात्रा को बैलेंस करने से लिवर हेल्दी बनता है और कैंसर का खतरा भी कम होता है। क्यों मनाया जाता है यह दिवस कार्ल लैंडस्टीनर के जन्मदिन के अवसर पर विश्व रक्तदाता दिवस मनाया जाता है। कार्ल लैंडस्टीनर का जन्म 14 जून 1868 को हुआ था। उन्होंने 1900 में ABO रक्त समूह की खोज की थी। वह एक ऑस्ट्रियाई जीवविज्ञानी और चिकित्सक थे, जिन्हें चिकित्सा के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इस दिवस का आयोजन पहली बार 2004 में विश्व स्वास्थ्य संगठन और द इंटरनेशनल फेडरेशन द्वारा किया गया था। 2005 में विश्व स्वास्थ्य संगठन की 58वीं बैठक में 192 देशों द्वारा विश्व रक्तदान दिवस को आधिकारिक रूप से मान्यता दी गई थी।