नई दिल्ली (वीएनएस)। कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण-एपीडा ने आम के निर्यात को बढावा देने के लिए बहरीन में आठ दिन के आम महोत्सव का आयोजन किया है। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा कि पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखण्ड, उत्तर प्रदेश और ओडिशा राज्यों से आम की 34 किस्मों की प्रदर्शनी बहरीन में आठ विभिन्न स्थानों पर लगाई गई है।
आमों की इन सभी किस्मों को किसानों और दो कृषि उत्पादक संगठनों से सीधे खरीदा गया है। आमों की यह प्रदर्शनी इस महीने की 20 तारीख तक चलेगी। मंत्रालय ने कहा कि आम महोत्सव 2022 के अंतर्गत बहरीन में भारतीय आमों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार की संभावनाओं का पता लगाने की एपीडा की नई पहल का हिस्सा है।