तय समय से पहले भर जाएंगे केंद्रीय शिक्षण संस्थानों के खाली पद : धर्मेद्र प्रधान

Posted On:- 2022-06-15



नई दिल्ली (वीएनएस)। अगले डेढ़ साल में 10 लाख लोगों को नौकरी देने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एलान के तुरंत बाद ही केंद्रीय शिक्षा और कौशल विकास मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने दोनों ही मंत्रालयों व संबंधित विभागों के खाली पड़े पदों को तय समय से पहले भरने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार अपने किसी भी काम को तय समय से पहले पूरा करने में भरोसा रखती है। अकेले केंद्रीय विश्वविद्यालयों में छह हजार पद खाली हैं। प्रधान ने ट्वीट कर कहा कि सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों सहित केंद्रीय उच्च शिक्षण संस्थानों, केंद्रीय विद्यालयों और जवाहर नवोदय विद्यालयों में खाली पद भरने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इस काम को मिशन मोड में पूरा करने के लिए कहा है। वैसे भी केंद्रीय विश्वविद्यालयों में शिक्षकों के खाली पदों को भरने के लिए शिक्षा मंत्रालय ने पहले से मुहिम छेड़ रखी है। जिसमें सितंबर तक खाली पदों को भरने का लक्ष्य दिया गया है।