रायपुर (वीएनएस)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पिरहिद गांव में बीते शुक्रवार की दोपहर अपने ही घर के बोरवेल में गिरे 11 साल के राहुल को 105 घंटे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सकुशल बाहर निकाला गया है। सीएम भूपेश बघेल बुधवार की शाम राहुल से मिलने अस्पताल जाएंगे। इससे पहले सीएम भूपेश ने मीडिया को राहुल के सकुशल बोरवेल से बाहर निकाले जाने की जानकारी दी। उन्होंंने बताया कि 105 घंटे तक लगातार चले रेसक्यू अभियान के बाद मंगलवार की रात सुरक्षित निकाल लिया गया। फिलहाल राहुल अस्पताल में डाक्टरों की निगरानी में पूरी तरह स्वस्थ्य है।
मुख्यमंत्री बघेल ने इस मौके पर रेसक्यू अभियान में लगी टीम को भी बधाई दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा, यह राहुल के साथ-साथ समूचे छत्तीसगढ़ की जीत है। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल सभी ने अनुकरणीय कर्तव्यनिष्ठा का पालन किया है।