’प्रेमाबाग तालाब सौंदर्यीकरण में लापरवाही पर सीएमओ को कलेक्टर ने लगाई फटकार’

Posted On:- 2022-06-15



  कोरिया(वीएनएस)।कलेक्टर कुलदीप शर्मा एवं सीईओ जिला पंचायत कुणाल दुदावत बुधवार को प्रेमाबाग तालाब सौंदर्यीकरण के कार्यप्रगति का जायजा लेने पहुंचे। बैकुंठपुर शहर को एक नया रूप देने के विज़न के साथ कलेक्टर द्वारा बीते दिनों प्रेमाबाग तालाब के सौंदर्यीकरण किए जाने हेतु पाथ वे, वॉक वे, वॉल पेंटिंग, योगासन चित्र, चौपाटी निर्माण आदि के निर्देश दिए गए थे। कार्य प्रगति का अवलोकन करने पहुंचे कलेक्टर ने गुणवत्ताहीन पोल स्थापित किए जाने तथा काम में लापरवाही बरते जाने पर गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए सीएमओ बैकुण्ठपुर को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने सीएमओ बैकुंठपुर को निर्देशित करते हुए कहा कि संबंधित ठेकेदार तथा इंजीनियर पर कार्य विलम्ब करने पर आवश्यकतानुसार फाइन लगाएं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि समय सीमा में कार्य पूर्ण किए जाएं अन्यथा संबंधितों पर यथोचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने तालाब के किनारे पीचिंग एवं घास लगाने का कार्य जल्द पूर्ण किए जाने कहा तथा नियमित सफाई कर बारिश से पूर्व सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम बैकुंठपुर एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।