बलौदाबाजार(वीएनएस)।कलेक्टर डोमन सिंह के निर्देश पर प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 14 जून को रक्तदान हेतु जिला अस्पताल बलौदाबाजार में ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया। जिसमें 13 लोगों ने 13 यूनिट रक्तदान किया। इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एम पी महिस्वर ने बताया पुरुष अथवा महिला जिनकी आयु 18 से 65 वर्ष के बीच है तथा जिनका वजन 45 किलो या इससे अधिक हो साथ ही हिमोग्लोबिन कम से कम 12.5 ग्राम प्रति 100 मिली हो वह रक्तदान कर सकते हैं। इस मौके पर रक्तदान के संबंध में जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ राजेश कुमार अवस्थी के कहा कि रक्तदान एक बड़ी समाज सेवा है। एक पुरुष अथवा महिला के रक्तदान करने चार मरीजों की जान बचाई जा सकती है। वर्ष में कोई स्वस्थ व्यक्ति चार बार रक्तदान कर सकता है। हमारे शरीर में लगभग 5 लीटर रक्त होता है तथा एक समय में मात्र 350 मिली रक्त ही निकाला जाता है। रक्तदान करने से कोई भी शारीरिक कमजोरी नहीं आती बल्कि हमारा शरीर पुनः रक्त बना लेता है। रक्त की आवश्यकता सिकल सेल एनीमिया थैलेसीमिया हिमोफीलिया दुर्घटनाओं में तथा अन्य बीमारियों के मरीजों को होती हैं। उन्होंने आगे जानकारी देते हुए बताया किजनवरी से लेकर अभी तक जिला अस्पताल को 1हजार यूनिट रक्त दान के रुप में प्राप्त हुआ है साथ ही अब तक 1हजार 5 ऐसे लोग थे जिन्हें ब्लड चढ़ाया गया है।