सुकमा (वीएनएस)। कुछ ही दिनो में प्रदेश में बारिश होने लगेगी, इस दौरान मच्छरों के पनपने से मलेरिया का खतरा बढ़ता है, इसकी रोकथाम के लिए जमीनी स्तर के अधिकारी कर्मचारी सजग होकर पूरी गंभीरता से कार्य करें। मंगलवार को आयोजित समय सीमा के बैठक में कलेक्टर विनीत नंदनवार ने कहा कि जिले में मलेरिया की रोकथाम और उससे बचाव के लिए विगत वर्षों में अच्छे प्रयास किए गए है, फिर भी हम सभी को गंभीरता से मलेरिया से बचाव हेतु कार्य करना चाहिए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों, खासकर ऐसे क्षेत्र जहां मलेरिया का खतरा अधिक रहने की आशंका हो, में ग्रामीणों द्वारा मच्छरदानी का उपयोग सुनिश्चित किए जाने के लिए मितानिन एवं कोटवार के माध्यम से जन जागरूकता लाने को कहा। इसके साथ ही आश्रम छात्रावासों में भी विशेष एहतियात बरतने और बच्चों के नियमित जांच करने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर नंदनवार ने पूर्ण आश्रम छात्रावासों के शीघ्र संचालन प्रारंभ करने हेतु निर्देशित किया है। जिससे बच्चों को जल्द से जल्द सुविधा हो। वहीं आगामी एक माह के भीतर पूर्ण होने वाले भवनों में विद्युतीकरण हेतु प्रस्ताव भेजने को कहा। ऑनलाइन पोर्टल पर एंट्री, ऑनलाइन सेवाओं का लाभ जिलेवासियों को सुविधापूर्ण रूप से मुहैया करने के लिए जिले भर में संचालित स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, राशन दुकान, आदिवासी विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित पुलिस विभाग के भवनों में इंटरनेट सुविधा की व्यवस्था के लिए सभी विभाग प्रमुखों को फाइबर नेट लगवाने के लिए निर्देशित किया है।