मानसून में नगर के सभी घरों में की जायेगी रेन हार्वेस्टिंग की जांच

Posted On:- 2022-06-15



विभाग की तरफ से खोदे गये असफल बोरवेलों को स्थायी रूप से बंदकर करना होगा फोटो वेरीफिकेशन

कोण्डागांव (वीएनएस)। बुधवार को कलेक्टर की अध्यक्षता में समय सीमा बैठक का आयोजन जिला कार्यालय के सभाकक्ष में किया गया। इस बैठक में कलेक्टर की तरफ से वर्षा ऋतु को देखते हुए वर्षा जल को एकत्र करने हेतु शासन के निर्देशानुसार सभी शासकीय कार्यालयों में रेनवाटर हार्वेस्टिंग कराने के निर्देश पूर्व में समय सीमा बैठक में दिये थे जिसके अनुरूप कार्यालयों में उनकी स्थापना की समीक्षा इस बैठक में की गयी साथ ही उन्होंने नगर पालिका एवं नगरीय निकायों के अंतर्गत बने घरों में जा कर नगरीय निकायों के अधिकारियों को प्रस्तावित नक्शे अनुसार रेन वाटर हार्वेस्टिंग बना होना सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये। इसके साथ ही जिन घरों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग नहीं लगाये गये है उन पर कार्यवाही करने को कहा।

इसके अतिरिक्त उन्होंने स्कूलों के खुलने के साथ उनमें पेयजल की व्यवस्था करने को कहा साथ ही पेय जल से वंचित स्वास्थ्य केन्द्रों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, पंचायतों तथा स्कूलों की सूची बनाकर जल्द से जल्द से पेयजल पहुंचाने के निर्देश दिये। यहां पर उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी चर्चा करते हुए मया मण्डई, हाट बजार क्लीनिक योजना, मोचो जचकी मोचो अस्पताल आदि पर विस्तृत चर्चा करते हुए कोविड-19 के टीकों को स्कूली बच्चों को आवश्यक रूप से दोनों डोज लगाया जाना सुनिश्चित करने को कहा।

इस अवसर पर उन्होंने राज्य शासन के निर्देशानुसार विभागों को अपने की तरफ से खोदे गये असफल बोरवेलों की सूची बनाकर उनका सर्वे कर सभी ऐसे खुले बोरवेलों को स्थायी रूप से पाटकर बंद कर इसका फोटो वेरीफिकेशन करने के निर्देश दिये एवं कहा कि असफल बोरवेलों को यदि किसी विभाग की तरफ से खुला छोड़ दिया जाता है तो यह विभाग प्रमुख की जिम्मेदारी होगी। इसके अतिरिक्त इस बैठक में वनाधिकार वितरण, जलजीवन मिशन की प्रगति, गोठानों में गोबर खरीदी प्रारंभ करने आदि विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।