
खरसिया (वीएनएस)। ओपी चौधरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का मामला अब पूरी तरह राजनैतिक रंग में रंग रहा है। मंगलवार को खरसिया भारतीय जनता युवा मोर्चा पार्टी के नेतृत्व में प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल का पुतला स्टेशन चौक में पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था के बावजूद फूंक दिया गया।
मामला यह है कि सोशल मीडिया में वायरल हो चुके एक वीडियो को ओपी चौधरी ने 18 मई को अपने ट्वीटर हेंडल में शेयर किया जिसमें उन्होंने कोरबा के गेवरा खदान में संगठित माफिया गिरोह द्वारा खुले आम कोयला चोरी किये जाने की ओर ध्यानाकृष्ट किया था। ओपी चौधरी के ट्वीट से राज्य सरकार की किरकिरी होने लगी और आनन-फानन में बिलासपुर रेंज के आई.जी रतनलाल डांगी को कार्रवाई व जांच के आदेश जारी करने पड़े। मामला गर्म होने के कारण स्वाभाविक रूप से कोयला चोर सतर्क हो गये थे। इसके बावजूद पहले ही दिन हरदी बाजार, कुसमुंडा तथा दीपिका थाना क्षेत्र में सात ट्रक व पिकअप वाहन जप्त किये गए और अलग अलग थानों में सभी वाहन चालकों पर धारा 42(1-4) के तहत अपराध पंजीबद्व किये गए। अलग-अलग स्थानों पर कोयला चोरों को खदेड़ने हेतु लाठी प्रहार किया गया जिसमें अनेक लोगों के घायल होने के समाचार सुर्खियों में रहे। क्या ये बातें ओपी चौधरी के इस आरोप को प्रमाणित नहीं करती हैं कि गेवरा खदान में माफियाओं द्वारा खुली चोरी की जा रही है ? वहीं इस कोयला चोरी पर नहीं वरन् ओपी चौधरी पर वीडियो वायरल करने को लेकर एफआईआर की गई है।
ऐसे में युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष राधे राठौर के नेतृत्व में विरोध स्वरूप सीएम का पुतला दहन किया गया। महेश साहू, मनोज राठौर, विजय शर्मा, श्यामू राठौर, जयप्रकाश डनसेना, उमाशंकर शर्मा, सौरभ अग्रवाल, नूतन पटेल, मोहन गबेल, साहिल शर्मा, सरिता सहिस, योगेश गर्ग, अखिल गर्ग, नीलेश ठाकुर, राहुल अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, किशोर शर्मा, हरेराम चन्द्रा, विकास जायसवाल, गोपाल गिरी, हर्ष अग्रवाल, संस्कार गोयल, लाला बंगाली एवं अन्य ने जमकर नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।