फिर बढ़ रहा है कोरोना का खतरा, स्थिति चिंताजनक नहीं है लेकिन सावधानी जरुरी : टीएस सिंहदेव

Posted On:- 2022-06-16



रायपुर (वीएनएस)। प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। बीते एक सप्ताह से धीरे धीरे कोरोना के केस बढ़ते जा रहे है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कल प्रदेश में 58 मरीज सामने आए थे। वहीं स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने ट्वीट कर कहा कि आज समस्त प्रदेशवासियों से यह साझा करना चाहता हूं कि बीते सप्ताह प्रदेश में पुनः कोरोना संक्रमण बढ़ता दिख रहा है। हालांकि अभी स्थिति चिंताजनक नहीं है। लेकिन हम सभी को सावधानी और सजगता के साथ कोविड उपयुक्त व्यवहार का पालन करना है। कोरोना की 3 लहरों पर काबू पाने में शासन व स्वास्थ्य विभाग को प्रदेशवासियों का भरपूर सहयोग मिला है। अब चौथी लहर की संभावनाओं की चर्चा को ध्यान में रखते हुए सभी को अत्याधिक सावधानी की आवश्यकता है। वहीं जिन्होंने अब तक वैक्सीन की डोज नहीं ली है, वह सभी टीकाकरण पूरा करवा लें।