रायपुर (वीएनएस)। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत जन्म से 18 वर्ष के बच्चों में स्वास्थ्य संबंधित परेशानियों की जांच की जाती है। इन परेशानियों में जन्म के समय किसी प्रकार के विकार, बीमारी, कमी और विकलांगता सहित विकास में रुकावट की जांच भी शामिल है। इसी क्रम में जिला चिकित्सालय पंडरी में विशेष शिविर लगाकर किशोर किशोरियों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी । इस विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर की जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मीरा बघेल ने बताया: ‘’राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत शनिवार 18 जून को जिला चिकित्सालय पंडरी में शून्य से 18 वर्ष के बच्चों के लिए निशुल्क जांच एवं उपचार शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान वीवाय हॉस्पिटल रायपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा इको-कार्डियोग्राफी मशीन से जांच बच्चों की जांच की जायेगी। जांच उपरांत बच्चों के हृदय रोग से ग्रसित पाए जाने पर उसका निशुल्क इलाज भी किया जाएगा। साथ ही अन्य रोगों से ग्रसित बच्चों की जांच एवं उपचार जिला चिकित्सालय पंडरी के विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा ।