उत्‍कृष्‍ट युवा अधिकारियों को आकांक्षी जिलों में तैनात किया जाना चाहिए : मोदी

Posted On:- 2022-06-17



नई दिल्ली (वीएनएस)। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि भारत के उत्‍कृष्‍ट युवा अधिकारियों को आकांक्षी जिलों में तैनात किया जाना चाहिए, ताकि वे अपने रचनात्‍मक और नए विचारों के जरिए वहां ठोस बदलाव ला सके। वे कल हिमालच प्रदेश के धर्मशाला में मुख्‍य सचिवों के तीन दिन के राष्‍ट्रीय सम्‍मेलन की अध्‍यक्षता कर रहे थे। यह अपनी तरह का पहला सम्‍मेलन है, जिसका लक्ष्‍य अमृतकाल के लिए साझा प्रयास के रूप में केन्‍द्र और राज्‍यों के बीच भागीदारी मजबूत करना है। आकांक्षी जिला कार्यक्रम की सफलता की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के आकांक्षी जिलों के विकास पर अधिक ध्‍यान दिया जाना चाहिए और इस कार्यक्रम का विस्‍तार प्रखण्‍ड तथा शहरों के स्‍तर पर भी करना चाहिए। उन्‍होंने कहा कि इन जिलों में काम करते हुए उन्‍हें जो बेजोड़ अनुभव प्राप्‍त होंगे वे समूचे देश के लिए उपयोगी सिद्ध होंगे। शिक्षा के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि डिजिटल प्रौद्योगिकी और शिक्षण संबंधी मोबाइल ऐप का लाभ उठाते हुए अध्‍यापकों के प्रशिक्षण पर ध्‍यान दिया जाना चाहिए। उन्‍होंने कहा कि पुरस्‍कार विजेता सेवानिवृत स्‍कूल शिक्षकों को भी अध्‍यापकों के प्रशिक्षण में शामिल किया जा सकता है। प्रधानमंत्री ने युवा उद्यमियों स्‍टार्टअप और विभिन्‍न राज्‍यों के युवाओं के बीच प्रतिस्‍पर्धाएं आयोजित करने का भी सुझाव दिया ताकि क्षेत्रीय भाषाओं में नाटक, एनिमेशन, मोनो-एक्टिंग आदि विधाओं में गुणवत्‍तापूर्ण विषय-वस्‍तु तैयार की जा सके। सम्‍मेलन के दौरान फसल विविधता और तिलहन, दलहन और अन्‍य कृषि जिंसों में आत्‍मनिर्भरता हासिल करने तथा राष्‍ट्रीय शिक्षा नीति- स्‍कूल शिक्षा कार्यक्रम लागू करने के बारे में विचार-विमर्श किया गया। आजादी का अमृत महोत्‍सव- 2047 की तैयारी और आकांक्षी जिला कार्यक्रम विषय पर भी सत्र आयोजित किए गए। आत्‍मनिर्भर खेती और कृषि में डिजिटल मिशन पर भी विचार-विमर्श किया गया। पीएम गति शक्ति के जरिए भारत के बुनियादी ढांचे के विकास प्रयासों में केन्‍द्र और राज्‍यों के बीच अधिक समन्‍वय की आवश्‍यकता भी उज़ागर की गई। प्रत्‍येक सत्र में सभी राज्‍यों और संघ राज्‍य क्षेत्रों में सक्रिय रूप से हिस्‍सा लिया और उत्‍कृष्‍ट पद्धतियों को उज़ागर करते हुए विभिन्‍न समस्‍याओं के सम्‍भावित समाधान सुझाए।