देश के 75 समुद्र तटों को स्‍वच्‍छ बनाया जाएगा

Posted On:- 2022-06-17



नई दिल्ली (वीएनएस)। आजादी का अमृत महोत्‍सव के अंतर्गत देश के 75 समुद्र तटों को स्‍वच्‍छ बनाया जाएगा। 75 दिन तक चलने वाला समुद्र तटों की साफ-सफाई का यह अभियान तीन जुलाई से 17 सितम्‍बर तक चलेगा। इसका उद्देश्‍य समुद्र तटों से एक हजार पांच सौ टन कचरा हटाना है। केंद्रीय मंत्री डॉक्‍टर जितेन्‍द्र सिंह ने नई दिल्‍ली में यह जानकारी दी। वे 17 सितम्‍बर को अंतरराष्‍ट्रीय समुद्र तट स्‍वच्‍छता दिवस मनाने से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा बैठक की अध्‍यक्षता कर रहे थे। इस अनूठे अभियान के बारे में डॉक्‍टर सिंह ने बताया कि यह पहली बार आयोजित किया जाएगा और समुद्र तटों की स्‍वच्‍छता से जुड़ा लंबे समय तक चलने वाला अभियान होगा। इसमें बड़ी संख्‍या में लोग भाग लेंगे। डॉ. सिंह ने कहा कि देश की समृद्धि के लिए स्‍वच्‍छ सागर और सुरक्षित सागर का संदेश पहुंचाने में लोगों की भागीदारी बहुत आवश्‍यक है।