ब्यूटी पार्लर के व्यवसाय ने किरण को दी आर्थिक आजादी

Posted On:- 2022-06-17



जिला प्रशासन के पहल से आयोजित ऋण शिविर से हुई लाभान्वित

बीजापुर (वीएनएस)। बीजापुर के राउतपारा निवासी श्रीमती किरण गुप्ता ने अपनी शादी के बाद स्वयं का व्यवसाय करने का विचार कर झारखंड की राजधानी रांची शहर से ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण कर बीजापुर के अपने निजी मकान में ब्यूटी पार्लर का कार्य कर रही थी। मकान में जगह कम होने के कारण अपने ग्राहकों को सारी सुविधाएं नही दे पा रही थी। जिससे ग्राहकों का आना भी कम होते जा रहा था। जिसके कारण घर परिवार चलाने में कठिनाई हो रही थी, पार्लर को बडे स्तर पर करने के लिए पूंजी की कमी होने के कारण कॉम्पलेक्स किराया पर नहीं ले पा रही थी। इस दौरान पता चला पता चला कि जिला प्रशासन द्वारा सांस्कृतिक भवन ग्राऊड बीजापुर में रोजगार मेला का आयोजन किया गया है। मेले में उपस्थित होकर जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र बीजापुर के अधिकारियों से संपर्क कर ब्यूटी पार्लर को बड़े स्तर पर करने के संबंध में अवगत कराया, विभाग के अधिकारियों ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना के तहत ब्यूटी पार्लर हेतु 5 लाख का ऋण प्रकरण तैयार कर वित्तीय वर्ष 2021-22 में कार्यालय के माध्यम से सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया बीजापुर प्रेषित कर स्वीकृत कराया गया। उद्योग विभाग द्वारा व्यवसाय का सफल संचानल हेतु ऑनलाईन के माध्यम से 11 दिवस का उद्यमिता विकास प्रशिक्षण दिया गया। तत्पश्चात बैंक द्वारा ऋण संवितरण किया गया है। हितग्राही सामान्य वर्ग की महिला उद्यमी होने के कारण ऋण स्वीकृत राशि पर 35 प्रतिशत की दर से 1 लाख 75 हजार रूपये विभाग द्वारा अनुदान प्रदाय किया गया। श्रीमती किरण गुप्ता ने ‘‘मोहिनी ब्यूटी पार्लर‘‘ के नाम से व्यवसाय को राउतपारा बीजापुर में किराये के काम्पलेक्स में बड़े स्तर पर संचालित कर रही है। जिससे उसकी आर्थिक स्थिति में काफी सुधार हुआ है। उक्त व्यवसाय से प्रतिमाह लगभग 20 हजार रूपये की निरंतर आमदनी हो रही है और वह बैंक की किश्तों का भुगतान भी नियमित रूप से कर पा रही है। अपने मेहनत एवं लगन से व्यवसाय को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है, साथ ही परिवार भी खुशहाल जीवकोपार्जन कर पा रही है।