बारातियों से भरी पिकअप पलटी, 5 की मौत, कई घायल...

Posted On:- 2022-06-18



शहडोल (वीएनएस)। मध्यप्रदेश में सड़क दुर्घटना बढ़ते ही जा रही है। शनिवार प्रातः शहडोल में एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। जिले में बारातियों से भरी एक पिकअप अचानक बेकाबू होकर पलट गई जिसके चलते उसके भीतर बैठे 5 व्यक्तियों की मौत हो गई। वहीं 30 से ज्यादा बाराती घायल हो गए, उनमें से 10 से ज्यादा व्यक्तियों की हालत गंभीर हैं।

ये हादसा शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना इलाके का है जिसमें दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 5 बारातियों की मौत ही गई, वही अन्य 30 से ज्यादा चोटिल व्यक्तियों को इलाज के लिए ब्यौहारी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जिसमे 10 की हालत नाजुक बताई जा रही है। दरअसल, जयसिहंगर के ग्राम ढोलर से एक पिकअप वाहन में 42 व्यक्ति सवार होकर बारात लेकर देवलोंद की तरफ जा रहे थे। तभी ब्यौहारी थाना इलाके के ग्राम टिहक़ी के पास बारातियों से भरी पिकअप बेकाबू होकर अचानक पलट गई, जिसमें सवार 4 बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

जैसे ही खबर प्राप्त हुई पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई तथा सभी को पिकअप से बाहर निकालने की कोशिश करने लगी। पुलिस ने एंबुलेंस को भी तुरंत बुलाया तथा सभी चोटिल व्यक्तियों को इलाज के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार, इस दर्दनाक दुर्घटना में 5 व्यक्तियों की मौत हो गई वहीं 10 लोग गंभीर रूप से चोटिल हो गए है। वही मामले की खबर मिलते ही शहड़ोल पुलिस जोन एजीजी डीसी सागर व जिलाधिकारी वन्दना वैध एसपी व एडिशनल एसपी ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया।