अवैध रूप से रेत निकासी करते 29 हाईवा जब्त

Posted On:- 2022-06-18



  धमतरी (वीएनएस)। महानदी से रेत उत्खनन, निकासी पर प्रतिबंध लगने के बावजूद अवैध तरीके से रेत निकासी करने वाले 29 हाईवा वाहनों को शनिवार की अलसुबह खनिज विभाग की टीम ने पकडक़र कार्यवाही की है। इस कार्यवाही के बाद हाईवा संचालकों एवं रेत खदान ठेकेदारों में हडक़ंप मचा हुआ है। धमतरी जिले में महानदी से रेत उत्खनन के लिये खनिज विभाग द्वारा खदान लीज पर दिया गया है। जहां से रेत की निकासी होती रही। लेकिन 10 जून से 15 अक्टूबर तक महानदी से रेत उत्खनन व निकासी के कार्य पर शासन ने प्रतिबंध लगा दिया है। इसके बावजूद खनिज के कुछ ठेकेदारों ने प्रशासन को ठेंगा दिखाकर नियम कायदों को दरकिनार कर अवैध तरीके से रेत की निकासी व उत्खनन कार्य में लगे हुए है। प्रतिबंध के बावजूद रेत का अवैध उत्खनन की खबर को प्रखर समाचार ने 15 जून को प्रमुखता से प्रकाशित कर ध्यान आकृष्ट कराया था। ज्ञात हो की 9 जून को संचालक भोमिकी तथा खनिकर्म छत्तीसगढ़ ने आदेश जारी कर दिया था। फिर भी स्वीकृत 12 रेत खदानों में अवैध तरीके से रेत खनन कार्य जारी है। खनिज विभाग के जिलाधिकारी सनत साहू ने लगातार मिल रहे शिकायत के मद्दे नजर शनिवार की सुबह 5 बजे अपनी टीम के साथ खनिज उत्खनन क्षेत्र में दबिश दिया। दबिश के दौरान 29 हाईवा वाहनों को बिना पिटपास के अवैध तरीके से रेत निकासी करते हुए पकड़ा। पकड़े गए सभी हाईवा वाहनों को पालिटेक्निक कॉलेज परिसर में रखा गया है। खनिज विभाग की इस कार्यवाही के बाद खनिज माफियाओं में हडक़ंप मचा हुआ है। खनिज अधिकारी सनत साहू ने बताया कि दर्री, भरारी, दरगहन, बारना क्षेत्र से अवैध उत्खनन कर निकासी कर रहे 29 हाईवा वाहनों को जप्त किया गया है। सभी पर जुर्माना की कार्यवाही कलेक्टर के निर्देशानुसार होगी। हाईवा बने मानव जीवन के लिये खतरा रेत निकासी में लगे हाईवा वाहने एवं महाराष्ट्र की ट्रके प्रतिदिन तेज रफ्तार से आवाजाही करने से लोगों की दिक्कतें बढ़ गई है। आए दिन दुर्घटनाओं के साथ-साथ ग्रामीणों और हाईवा चालकों के बीच विवाद आम बातें हो गई है। पिछले दिनों एक ग्रामीण और हाईवा चालक के बीच विवाद हुआ। हाईवा चालक ने ग्रामीणों के खिलाफ मारपीट और गाली गलोच की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला आगे बढक़र बड़ा रूप ले लिया। आज सुबह कुछ लोगों ने दर्री के पास मुख्य मार्ग में चक्काजाम कर दिया।