जिपं सदस्य ने डांगीमाचा सोलर सूक्ष्म सिंचाई योजना कार्य का निरीक्षण किया

Posted On:- 2022-06-18



धमतरी (वीएनएस)।। डांगीमाचा सोलर सूक्ष्म सिंचाई परियोजना का 23 अप्रैल को भूमिपूजन कार्यक्रम सम्पन्न हुआ था। इस परियोजना की लागत लगभग चार करोड़ रुपये है जिसके माध्यम से ग्राम के लगभग 2 सौ एकड़ ज़मीन में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। सोलर सूक्ष्म सिंचाई परियोजना का कार्य अत्यंत धीमी गति से चलने की खबर को संज्ञान में लेते हुए उस क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य कविता योगेश बाबर ने कार्य स्थल का दौरा किया। वास्तविक स्थिति जानने का प्रयास किया। कार्यस्थल पर ठेकेदार के कर्मचारी एवं मज़दूर कार्य करते हुए मिले। वर्तमान में बाँध के तट पर पंप हाउस निर्माण का कार्य प्रगति पर है। उपस्थित ठेकेदार के मैनेजर ने बताया कि चूंकि बाँध का लेवल अत्यंत नीचे है। निर्माण सामग्री वहाँ तक गाड़ी के माध्यम से नही जा पा रही है। जिसकी वजह से निर्माण सामग्री स्थल पर लाने ले जाने में बड़ी असुविधा होती है। वहाँ पर बाउंड्रीवाल ,हाई मास्ट लाइट आदि के लिए नीव कार्य हो चुका है। नीव खुदाई करने में बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। श्रीमती बाबर ने कार्यस्थल पर उपस्थित ठेकेदार एवं उनके कर्मचारी एवं अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्य को निर्धारित समयावधि में अवश्य पूर्ण करें एवं कार्य में गति लाएं। इस अवसर पर ग्राम प्रमुख दीपक कुमार नेताम ,सरपंच धानबाई कुरर्,े उप सरपंच परमात्मा ध्रुव, अन्य ग्रामवासी व अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।