विधि छात्रों को विधिक साक्षरता क्लब का भ्रमण कराया गया

Posted On:- 2022-06-18



  धमतरी (वीएनएस)। के.एल.चरयाणी जिला एवं सत्र न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धमतरी के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार विधि छात्रों को 9 जून से 23जून तक कुल 15 दिवस का ग्रीष्मकालीन इंटर्नशीप कराया जा रहा है। जिसके तहत 17 जून को विधिक साक्षरता क्लब शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोकुलपुर एवं शिवसिंह वर्मा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धमतरी का भ्रमण कराया गया। विधिक साक्षरता भ्रमण के दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला गोकुलपुर में विधिक साक्षरता शिविर का भी आयोजन किया गया। जिसमें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धमतरी के सचिव ने विधिक साक्षरता क्लब के छात्रों एवं अन्य छात्रों तथा विधि छात्रों को नि:शुल्क विधिक सहायता योजना एवं अन्य महत्वपूर्ण कानूनी जानकारी दी। विधि छात्रों को विधिक साक्षरता क्लब के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोकुलपुर की प्राचार्य शैलजा पाण्डेय, शिक्षक, विधि छात्र एवं स्कूल के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।