कोरोना की चौथी लहर को देखते टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने की जरूरत : कलेक्टर

Posted On:- 2022-06-18



राजनांदगांव(वीएनएस)। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने टीकाकरण के संबंध में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सभी एसडीएम, जनपद सीईओ एवं बीएमओ की बैठक ली। कलेक्टर श्री सिन्हा ने कहा कि कोविड-19 संक्रमित मरीजों की संख्या देश में बढ़ रही है। कोरोना की चौथी लहर के मद्देनजर सजगता जरूरी है। उन्होंने कहा कि टेस्टिंग बढ़ाने के साथ ही कोविड का टीकाकरण की मुहिम की रफ्तार बढ़ाने की जरूरत है। कोविड-19 से बचाव का टीकाकरण ही सबसे अच्छा उपाय है। जिले में ऐसे व्यक्ति जिन्हें कोविड टीका का दूसरा डोज नहीं लगा है। उन्हें प्राथमिकता से टीकाकरण कराने की जरूरत है। उन्होंने सभी एसडीएम से कहा कि गांवों में कई व्यक्तियों को टीका लग चुका है। इसके लिए टीकाकरण की सूची भेजी गई है। इसका अभियान चलाकर सत्यापन कराएं। ताकि ऐसे व्यक्तियों का चिन्हांकन किया जा सकें, जिन्होंने अब तक टीका नहीं लगाया है। जिले में अभी पर्याप्त संख्या में टीके है। एक-एक व्यक्ति को टे्रेस करते हुए टीकाकरण करना सुनिश्चित करने की जरूरत है। सभी जनपद सीईओ, सचिव, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को यह सूची दें, ताकि इस दिशा में प्रभावी कार्य किया जा सके। कलेक्टर श्री सिन्हा ने कहा कि हर वर्ग के लिए अलग-अलग टीकाकरण की व्यवस्था कर सकते हैं। 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों का डोर-टू-डोर टीकाकरण किया जा सकता है। स्कूलों में अभियान चलाकर बच्चों का टीकाकरण करें। राजीव युवा मितान क्लब से सहयोग लेते हुए टीकाकरण जागरूकता का कार्य किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कोविड संक्रमण की चुनौती का सामना करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था एवं तैयारी रखें। दवाईयां, ऑक्सीजन प्लांट अन्य जरूरी व्यवस्था रखें। उन्होंने सैम्पल बढ़ाने के निर्देश दिए। शासकीय संस्थानों में 12 से अधिक आयु वर्ग के सभी लोगों को प्रथम व द्वितीय डोज नि:शुल्क लगाया जा रहा है। इसके अलावा फ्रंटलाईन वर्कर, हेल्थ केयर वर्कर जिन्हें दूसरा डोज लगवाएं 9 माह हो चुके हंै, वे भी प्रिकाशन डोज नि:शुल्क लगवा सकते है। साथ ही 60 वर्ष उम्र के सभी लोग जिन्हें दूसरी खुराक लिए 9 माह हो गए है, वह भी नजदीकी टीकाकरण केन्द्र में प्रिकाशन डोज अवश्य लें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी ने बताया कि टीकाकरण के लिए एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व मितानिन की संयुक्त टीम बनाकर ग्राम व वार्डों में डोर टू डोर सर्वे कर छूटे हुए लोगों का टीकाकरण करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सही समय पर टीकाकरण करवाएं और कोविड-19 से होने वाले अपातकाल से बचें।