शांतिपूर्ण और अहिंसक ढंग से करें आंदोलन, कांग्रेस आपके साथ है : सोनिया गांधी

Posted On:- 2022-06-18



नई दिल्ली (वीएनएस)। केंद्र सरकार की सैन्य बलों में भर्ती से जुड़ी ‘अग्निपथ’ योजना पर देश के अनेक हिस्सों में बवाल मचा हुआ है। इस बीच कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बेरोजगार युवाओं को संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि युवा शांतिपूर्ण और अहिंसक ढंग से आंदोलन करें। कांग्रेस आपके साथ है।

बता दें कि देश के युवाओं के नाम कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की तरफ से कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने संदेश जारी किया है। संदेश में कहा गया है कि ‘मेरे प्रिय युवा साथियों, आप भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा का महत्वपूर्ण कार्य करने की अभिलाषा रखते हैं। सेना में लाखों खाली पद होने के बावजूद पिछले तीन साल से भर्ती न होने का दर्द मैं समझ सकती हूं। एयरफोर्स में भर्ती की परीक्षा देकर रिजल्ट व नियुक्ति का इंतजार कर रहे युवाओं के साथ भी मेरी पूरी सहानुभूति है।

पत्र में कहा गया है कि ‘मुझे दुःख है कि सरकार ने आपकी आवाज को दरकिनार करते हुए “नई आर्मी भर्ती योजना” की घोषणा की, जो कि पूरी तरह से दिशाहीन है। आपके साथ-साथ कई पूर्व सैनिक व रक्षा विशेषज्ञों ने भी इस योजना पर सवाल उठाए हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस आपके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और इस योजना को वापस करवाने के लिए संघर्ष करने व आपके हितों की रक्षा करने का वादा करती है। हम एक सच्चे देशभक्त की तरह सत्य, अहिंसा, संयम व शांति के मार्ग पर चलकर सरकार के सामने आपकी आवाज उठाएंगे। मैं आपसे भी अनुरोध करती हूं कि अपनी जायज मांगों के लिए शांतिपूर्ण व अहिंसक ढंग से आंदोलन करें। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस आपके साथ है।’