30 छुट्टी, लाखों का बीमा और भी कई बेहतरीन सुविधाएं...

Posted On:- 2022-06-19



वायु सेना ने जारी की अग्निपथ भर्ती की डिटेल

नई दिल्ली (वीएनएस)। भारतीय वायुसेना ने अग्निपथ योजना के तहत होने वाली भर्ती के लिए डिटेल नोटिस जारी कर दिया है। इस अधिसूचना में वायुसेना ने बताया है कि अग्निपथ सशस्त्र बलों के लिए एक नई एचआर मैनेजमेंट योजना है। इस योजना के माध्यम से शामिल किए गए उम्मीदवारों को अग्निवीर कहा जाएगा। इनकी भर्ती वायुसेना अधिनियम 1950 के तहत 4 सालों के लिए की जाएगी। देश के सभी हिस्सो से उम्मीदवारों को अग्निवीर के रूप में नामांकित करने का प्रयास किया जाएगा।

यह रहेगी आयु-सीमा इस भर्ती में 17.5 वर्ष से 21 वर्ष तक के उम्मीदवार शामिल हो सकेंगे। यह भर्ती चार सालों के लिए होगी। इसके बाद परफॉर्मेंस के आधार पर 25 फीसदी कर्मियों को वापस से रेगुलर कैडर के लिए नामांकित किया जाएगा। बता दें कि उम्मीदवारों को सशस्त्र बलों में आगे नामांकन के लिए चुने जाने का कोई अधिकार नहीं होगा। चयन सरकार का अनन्य क्षेत्राधिकार होगा। मेडिकल ट्रेडमैन को छोड़कर भारतीय वायु सेना के नियमित कैडर में एयरमैन के रूप में नामांकन केवल उन्हीं कर्मियों को दिया जाएगा, जिन्होंने अग्निवीर के रूप में अपनी सेवा की अवधि पूरी कर ली है।

जानें प्रमुख बातें: चार साल के लिए वायुसेना में भर्ती। हर साल 30 दिन की छुट्टी मिलेगी। सिक लीव भी मिलेगा। हर महीने 30 हजार की सैलरी। हर साल इन्क्रीमेंट। रिस्क, ट्रेवल, ड्रेस और हार्डशिप अलाउंस। कैंटीन सुविधा और मेडिकल सुविधा। चार साल के बाद अग्निवीरों को 10.04 लाख सेवा निधि के रूप में। असम राइफल्स और सीएपीएफ में नौकरियों में वरीयता। शहादत पर परिवार को बीमा समेत करीब एक करोड़ की राशि। विकलांगता पर एक्स-ग्रेशिया और बची हुई नौकरी की सैलरी और सेवा निधि। वायुसेना की गाइडलाइंस के अनुसार ऑनर और अवॉर्ड।