अलीगढ़ (वीएनएस)। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में मानसून की पहली ही बारिश ने शनिवार को नगर निगम की स्मार्ट सिटी की मुहिम और नाला-नाली एवं सफाई अभियान की कलई खोलकर रख दी। मात्र 45 मिनट की बारिश से शहर भर में रिहायशी इलाके, सड़क और नाले बारिश के पानी से लबालब हो गए।
कई इलाकों में जलभराव के साथ सड़क पर कीचड़ व गंदगी उफन आने से राहगीरों और वाहन चालकों को बेहद दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इससे वे नगर निगम की व्यवस्थाओं को कोसते नजर आए। वहीं, रामघाट रोड पर किशनपुर तिराहे के पास स्कूटी सवार सिपाही दंपती नाले में जा गिरे। सुबह मौसम बदलने के बाद हल्की बारिश शुरू हुई। कुछ देर बाद ही करीब 45 मिनट तक झमाझम बारिश हुई।
बारिश के दौरान रामघाट रोड पर किशनपुर तिराहा स्थित बाबा मार्केट के सामने गंभीर हादसा होने से टल गया। यहां थाना बन्नादेवी में तैनात सिपाही दयानंद सिंह पत्नी को स्कूटी से डॉक्टर को दिखाने आए थे। बारिश के चलते रोड पर पानी भर जाने से सड़क किनारे नाला दिखाई नहीं पड़ा। जिसकी वजह से स्कूटी नाले में जा गिरी। गनीमत रही कि लोगों ने तत्काल दोनों को सकुशल बाहर निकाल लिया। इस हादसे के कुछ देर बाद ही एक महिला और एक युवक भी नाले में जा गिरे। बारिश के कारण चलते कई दोपहिया वाहन बंद हो गए और चालक उन्हें खींचते हुए दिखाई पड़े।
Visuals from UP's Aligarh. Leaving this here. pic.twitter.com/bOhACL96IW
— Piyush Rai (@Benarasiyaa) June 18, 2022
आपको बता दें कि बारिश से छर्रा अड्डा पुल, गुरूद्वारा रोड, स्टेशन रोड, सेंटर प्वाइंट चौराहा, समद रोड, मैरिस रोड, दीवानी गेट, तस्वीर महल चौराहा, कंट्रोल रूम, अमीर निशा, दोदपुर, लक्ष्मी बाई मार्ग, केला नगर, मेडिकल रोड, सर सैय्यद नगर, जमालपुर, अचल रोड, मामू भांजा, रामघाट रोड, अनूपशहर रोड, शाहजमाल, देहलीगेट रोड, सराय रहमान, रसलगंज, बारहद्वारी, रघुवीरपुरी समेत कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव हो गया।
शहर के कई निचले व रिहायशी इलाकों में भी बारिश का पानी घरों व दुकानों में जा घुसा। इतना ही नहीं जलभराव से नगर निगम का सेवाभवन परिसर, जवाहर भवन व मेयर कार्यालय में पानी भर गया।
कंट्रोल रूम बनाया मानसून की पहली बारिश के बाद शहर भर में हुए जलभराव के बाद से नगर निगम ने सबक लेते हुए क्विक एक्शन टीमों का गठन किया है। नगर आयुक्त गौरांग राठी ने बताया कि रामघाट रोड, किशनपुर तिराहा, मैरिस रोड, लाल डिग्गी रोड, दीवानी कचहरी, गूलर रोड, आगरा रोड, गुरूद्वारा रोड आदि स्थानों पर हुए जलभराव व आपात स्थिति से निपटने के लिए अफसरों को निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि अगले 48 घंटों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए 25 अधिकारी और 350 सफाई कर्मचारियों की 40 क्विक एक्शन टीमें बनायी गई हैं। नगर निगम में कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां 7500441344, 18002747047, 05712750250 नंबरों पर मदद ली जा सकती है।