नई दिल्ली (वीएनएस)। सेना की नई भर्ती स्कीम अग्निपथ के खिलाफ कांग्रेस का सत्याग्रह दिल्ली के जंतर-मंतर पर शुरू हो गया है।कांग्रेस के सत्याग्रह में प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के नेता अग्निपथ विरोधी तख्तियां लेकर बैठे। प्रियंका गांधी बोली- सरकार आम लोगों के लिए नहीं, बड़े-बड़े उद्योगपतियों के लिए स्कीम बनाती है। सेना की भर्ती का सपना युवा देखते हैं। देश के लिए जान देने का सपना देखने वाले असली देश भक्त हैं।
आपका सपना तोड़ने वाले नकली राष्ट्रवादी हैं। युवा सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर इस सरकार को गिराएं। आप अपना प्रदर्शन बिना हिंसा के करें। आंदोलन जारी रखें, कांग्रेस आपका साथ देगी। प्रियंका ने हरिवंश राय बच्चन की कविता सुनाते हुए कहा- तू न झुकेगा कभी, तू न रुकेगा कभी कर शपथ कर शपथ।
प्रियंका गांधी ने कहा- अग्निपथ योजना देश के युवाओं को मार डालेगी, सेना को खत्म कर देगी। इस सरकार की मंशा देखें और इसे गिराएं। ऐसी सरकार लाओ जो देश के प्रति सच्ची हो, देश की संपत्ति की रक्षा करें। मैं आपसे शांतिपूर्ण विरोध करने का आग्रह करती हूं, लेकिन रुकना नहीं।