भाजपा शासनकाल में वक्फ सम्पत्ति की बिक्री अवैध, निरस्त करे बोर्ड : रिजवी

Posted On:- 2022-06-19



रायपुर(वीएनएस)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष तथा वरिष्ठ अधिवक्ता इकबाल अहमद रिजवी ने नवगठित वक्फ बोर्ड के चेयरमेन एवं सदस्यों का ध्यान आकर्षित करते हुए पत्र प्रेषित कर कहा है कि भाजपा शासनकाल में वक्फ बोर्ड में की गई अनियमितताओं, अवैधानिकताओं तथा मनमानी को गंभीरता से लेने का आग्रह किया है। छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के गठन के बाद से ही भाजपा शासनकाल में सम्बन्धित कर्ता-धर्ताओं के द्वारा जिनका कार्यकाल कमोबेश डेढ़-दहाई दशक तक रहा आया है, बोर्ड की अन्य राशि के दुरूपयोग के अतिरिक्त उनकी सहयोग, इंगित तथा सक्रिय भागीदारी में भिन्न-भिन्न वक्फ सम्पत्तियों की बिक्री वगैरह में योगदान दिया जाता रहा है। उन्होंने कहा है कि उक्त गैरकानूनी कार्यों की शिकायत तथा उनसे सम्बन्धित लेखा-जोखा वक्फ बोर्ड के कार्यालय में मौजूद होने की पूर्ण संभावना है। रिजवी ने आगे कहा है कि पब्लिक वक्फ ‘‘फी सबी लिल्लाह’’ होता है जिसका मालिक अल्लाह के अलावा दीगर नहीं है। ऐसी सभी वक्फ सम्पत्तियों की बिक्री जो गैरकानूनी रूप से हुई है, को निरस्त कराए जाने की दिशा में प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही कर सार्वजनिक, सामाजिक तथा धार्मिक सम्पत्तियों की बहाली की ओर बोर्ड त्वरित पहल करें क्योंकि भाजपा शासनकाल के सभी पदाधिकारी एवं सदस्यगण भी उक्त वक्फ की बिक्री के षड़यंत्र में बराबर के दोषी हैं। दोषियों के नाम कौम के लोग जानना चाहते हैं। अपराध को घटित होते देखकर चुप रहना भी संलिप्तता का दोषी माना जाता है।