धमतरी (वीेेएनएस)। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय धमतरी द्वारा 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय राजयोग महोत्सव का शुभारम्भ रविवार सुबह मकई गार्डन में किया गया। मुख्य अतिथि विधायक रंजना साहू, प्रखर समाचार के प्रधान संपादक दीपक लखोटिया, योगाचार्य विकास कंसारी संचालक योगा विकास फाउंडेशन तथा सेवा केन्द्र की संचालिका सरिता दीदी उपस्थित रहे। सर्वप्रथम सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर तीन दिवसीय राजयोग महोत्सव का उदघाटन किया। इस अवसर पर अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि विधायक रंजना साहू ने कहा कि योग केवल शारीरिक क्रिया ही नहीं मन, आत्मा और परमात्मा का मिलन है। मन को वश करेंगे तो सारी चीजें हमारे लिए आसान होंगी। संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा यहाँ आने के बाद उन्होंने अपने जीवन में अलग से बदलाव महसूस किया है। प्रखर समाचार के प्रधान संपादक दीपक लखोटिया ने कहा योग भी एक सेवा है। इतने सारे योग कराने वाले सेवा भाव से कार्य कर रहे हैं। तीन दिवसीय यह आयोजन निश्चित ही लोगों के जीवन में बदलाव लायेगा। सरिता दीदी ने कहा कि शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना है तो शारीरिक योग को दिनचर्या में शामिल किया जाये और राजयोग को भी अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाया जाये। योगाचार्य विकास कंसारी ने योगा प्रोटोकॉल के अनुरूप अपने योगा प्रशिक्षकों से योगासन करवाया और उनके फायदे बताये। सभी भाई बहनों ने भी डायरेक्शन के अनुरूप योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमारी प्राजक्ता बहन ने किया। सरिता दीदी ने बताया यह योग प्रोग्राम तीन दिन तक चलेगा। पहले दिन मकई गार्डन में शुभारम्भ किया गया। दूसरे दिन तपोवन में योगा दिवस का प्रोग्राम होगा। तीसरे दिन दिव्यधाम सेवाकेंद्र में अतिथि विजय देवांगन महापौर, विभोर अग्रवाल एसडीएम धमतरी, विनय कुमार पोयाम आयुक्त नगर पालिक निगम धमतरी, जया महावर के आतिथ्य में योगा दिवस का प्रोग्राम होगा।