तंबूरे की नाद व पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन से प्रहलाद टीपाणिया ने लोगों को किया सम्मोहित

Posted On:- 2022-06-19



गौरेला पेंड्रा मरवाही (वीएनएस)। सप्रे स्मृति महोत्सव के दूसरे दिन ईको हिल रिजॉर्ट कबीर चबूतरा में मशहूर कबीर भजन गायक प्रहलाद टीपाणिया ने अपने भाई, भतीजे, बेटा और पोते के साथ शानदार कबीर गायन प्रस्तुति देकर लोगों को मंत्रमुग्ध किया। टीपाणिया ने कहा कि मेरी खुशकिस्मती है कि मुझे कबीर जी के कारण पहचान मिली। उन्होंने सुमधुर गुरु वंदना से गायन की शुरुआत की। टीपाणिया ने अपने छोटे भाई अशोक, भतीजे धर्मेंद्र, बेटा अजय और पोता हिमांशु के साथ तंबूरे की नाद और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर अपनी लोक शैली से गायन की प्रस्तुति देकर लोगों को सम्मोहित किया। उन्होंने गायन वंदना गुरुशरण में रहकर सतगुरुओ की वाणी और इशारों पर चलकर जीने की राह दिखायी। टीपाणिया ने भजन के माध्यम से कथनी और करनी में अंतर नहीं करने, पद प्रतिष्ठा पाकर अभिमान नहीं करने, सोच सकारात्मक रखने और भाईचारे की भावना की सीख दी। उन्होंने सुमधुर कबीर भजन गायन सुनाकर लोगों को झूमने और तालियां बजाने पर विवश किया। इस अवसर पर मरवाही विधायक डॉ के के ध्रुव, कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी, पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल, साहित्यकार, कवि, पत्रकार, बड़ी संख्या में आए आगंतुक, अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।