काम्प्लेक्स और मंच का मलबा आज भी मिनी स्टेडियम में बिखरा पड़ा है...

Posted On:- 2022-06-20



साफ़-सफाई को लेकर जिम्मेदार नगरीय प्रशासन व ठेकेदार मौन

भटगांव (वीएनएस)। एक तरफ सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा देने के लिए खेल मैदानों को महत्व दे रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ ऐसे ही खेल मैदान में किये कार्यों का मलबे को हटाने जिम्मेदार लोगों द्वारा जानबूझकर उपहास किया जा रहा है।

हम बात कर रहें है भटगांव नगर के खेल मैदान में बने मिनी स्टेडियम और काम्प्लेक्स की, जहां नगरीय प्रशासन और प्रेमभूवन प्रताप सिंह शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के बीच काम्प्लेक्स को लेकर आपस में विवाद चल रहा था। लेकिन कोर्ट का निर्णय नगर पंचायत के पक्ष में आने के बाद भी आज तक ठेकादारों ने निर्माण कार्य का मलबा मैदान में ही छोड़ दिया है, जो जगह जगह बिखरा पड़ा है। इसकी साफ सफाई के लिए न तो ठेकेदार ध्यान दे रहें हैं, और न ही नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि। इसके चलते खिलाड़ियों और मॉर्निंग वॉक में जाने वाले लोगों को कई परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कभी भी किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट लग सकती है।

साफ-सफाई नहीं होने के चलते नगर के कुछ लोग मोर्निंग वाक में भी कम जा रहें है। मजबूर होकर मुख्य मार्ग में जा रहें है, जिससे सड़क दुर्घटना होने का डर लगा रहता हैं। फिर भी जिम्मेदार लोग मूकदर्शक बने मैदान की दुर्दशा देख रहे हैं। हालांकि काम्प्लेक्स का मामला जो भी हो लेकिन नगरीय प्रशासन की भी जिम्मेदारी बनती है कि वो मैदान की साफ़ सफाई करवाए। लेकिन आज तक इस ओर जिम्मेदार ध्यान आकर्षित नहीं कर रहें है। इस वज़ह खिलाड़ी वहां खेल नहीं पा रहे हैं। मैदान पर अपना अपना अधिपत्य होने का ढिंढोरा पीटने वाले मैदान की दुर्दशा का भी जिम्मेदार हैं जो कुम्भकरणी निद्रा में सो रहे हैं। कोई भी मैदान की दुर्दशा को लेकर चिंता नहीं कर रहें है, जबकि उनकी भी ज़िम्मेदारी बनती है की साफ़ सफाई को लेकर आंदोलन करने का साहस करें।

लेकिन सबसे बड़ी बात की शायद आज लोगों के पास अच्छे कार्यों के लिये समय नहीं है। आज़ भी मैदान में मूलभूत सुविधा की आवश्यकता है। इसके लिए पहल करने वाला कोई नहीं है, लेकिन मैदान की दुर्दशा करने वाले तैयार बैठे हैं। उल्लेखनीय है कि मैदान के साफ़ सफाई को लेकर नगर पंचायत और पार्षदों को आत्म चिंतन कर समस्या का निराकरण करना चाहिए।