आईजी के निर्देश के बाद रेलवे स्टेशनों में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था, शसस्त्र जवान तैनात

Posted On:- 2022-06-20



रायपुर (वीएनएस)। अग्निपथ योजना के विरोध में आज भारत बंद का आह्वान किया गया है। इस दौरान प्रदर्शनकारियों द्वारा हिंसक प्रदर्शन और शासकीय संपत्ति को नुक़सान पहुंचाया जा सकता है। इसे लेकर आईजी गुप्त वार्ता ने सभी जिलों को अलर्ट जारी किया है। हालांकि अब छत्तीसगढ़ में कहीं से अप्रिय स्थिति की सूचना नहीं है। बंद भी बेअसर है।

रेलवे स्टेशनों में किसी भी उपद्रव से निपटने आरपीएफ, जीआरपी ने जिला प्रशासन की मदद से चाक चौबंद इंतजाम किया है। डोंगरगढ़ से रायगढ़ और महासमुंद तक सशस्त्र जवान तैनात किए गए हैं। साथ ही ट्रेनों में भी गश्त बढ़ा दी गई है। स्टेशनों के सभी प्लेटफॉर्म और इंट्री- एग्जिट गेट पर हर आने जाने वाले की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। साथ ही रायपुर, दुर्ग, भिलाई, भाटापारा बिलासपुर में सीसीटीवी के कैमरों से नजर रखी जा रही है। रायपुर में 22 कैमरे लगाए गए हैं। आरपीएफ के मंडल सुरक्षा आयुक्त संजय गुप्ता ने लोगों से कहा है कि हमारा प्रदेश शांति के लिए जाना जाता है। इस बार भी हमें मिसाल कायम करना चाहिए। ऐसी कोई हरकत न करें जिससे सरकारी संपत्ति को नुक़सान हो।