
नई दिल्ली/रायपुर (वीएनएस)। अग्निपथ योजना और ईडी द्वारा राहुल गांधी को समन जारी करने के विरोध में जंतर मंतर पर कांग्रेस ने 'सत्याग्रह' किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, सलमान खुर्शीद, मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार और भाजपा पर केंद्रीय एजेंसियों का उपयोग कर कांग्रेस और राहुल गांधी को बदनाम करने की साजिश का आरोप लगाया है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कांग्रेस के धरने में उन्होंने कहा, उनकी मांग है कि राहुल गांधी से पूछताछ का लाइव प्रसारण कराया जाए। पूरा देश देखे की ED पूछ क्या रही है और राहुल जी जवाब क्या दे रहे हैं।
वहीं अग्निपथ योजना को लेकर कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा - क्या ये 46,000 युवकों को तैयार करके आरएसएस में लाना चाहते हैं। क्या किसी देश में ऐसा हुआ है कि 4 साल ट्रेनिंग देकर उसके बाद उसे छोड़ देना। आप सिर्फ़ 4 साल तक ट्रेनिंग और उन्हें स्टाइपेंड देकर उन्हें चुनाव तक व्यस्त रखने के लिए यह काम कर रहे हैं। आप ऐसा इसलिए कर रहे हैं ताकि जो युवा महंगाई, बेरोजगारी के ख़िलाफ़ दूसरी जगहों पर विरोध कर रहे हैं, उनकी दिशा को भटकाया जाए।
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि हम चाहते हैं कि देश के नौजवानों के साथ खिलवाड़ न हो। क्यों लोगों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है? आप बोल दो की हम सैलेरी और पेंशन नहीं दे सकते... आप हम सब को बुलाइए। हम आपको सुझाव देंगे क्योंकि ये फौज मोदी की नहीं बल्कि हिंदुस्तान की है।