प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने 44वीं शतरंज ओलम्पियाड के लिए ऐतिहासिक मशाल रिले का शुभारम्‍भ किया

Posted On:- 2022-06-20



नई दिल्ली (वीएनएस)। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने नई दिल्‍ली के इंदिरा गांधी स्‍टेडियम में 44वीं शतरंज ओलम्पियाड के लिए ऐतिहासिक मशाल रिले का शुभारम्‍भ किया। इसी वर्ष अंतरराष्‍ट्रीय शतरंज संघ FIDE ने ओलिम्पिक परम्‍परा के तहत पहली बार शतरंज ओलम्पियाड मशाल की शुरुआत की है। भारत पहला देश है जहां से शतरंज ओ‍लम्पियाड मशाल के सफर की शुरुआत हुई है। FIDE के अध्‍यक्ष अरकादी द्वोरकोविच ने मशाल प्रधानमंत्री को सौंपी और उन्‍होंने उसे ग्रैंड मास्‍टर विश्‍वनाथन आनन्‍द के हवाले किया। यह मशाल चालीस दिन में 75 शहरों में ले जायी जाएगी और इसका अंतिम पड़ाव चेन्‍नई के पास महाबलीपुरम होगा। प्रत्‍येक जगह पर हर राज्‍य के शतरंज ग्रैंड मास्‍टर मशाल का स्‍वागत करेंगे। 44वीं शतरंज ओलम्पियाड का आयोजन 28 जुलाई से 10 अगस्‍त 2022 तक चेन्‍नई में होगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि शतरंज का खेल इस बात की सीख देता है कि योजना बनाने में दूरदर्शी लोग वास्‍तविक सफलता हासिल करते हैं। उन्‍होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने चतुरंग और शतरंज जैसे खेलों की खोज की, जिनका उद्देश्‍य मस्तिष्‍क की विश्‍लेषणात्‍मक क्षमता का विकास है। उन्‍होंने कहा कि शतरंज का खेल भारत से विश्‍व के अनेक देशों में पहुंचा और आज यह लोकप्रिय हो चुका है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले आठ वर्ष में शतरंज में भारत के प्रदर्शन में सुधार हुआ है। नए भारत का युवा हर खेल में आगे बढ़ रहा है और नए कीर्तिमान स्‍थापित कर रहा है। तोक्‍यो ओलिम्पिक, पैरालिम्पिक, थॉमस कप और मुक्‍केबाजी में भारतीय खिलाडियों की हाल की सफलता का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। खेलो इंडिया अभियान के अंतर्गत देश में प्रतिभाओं की तलाश और उन्‍हें निखारने का काम चल रहा है। इस अभियान के तहत देश की खेल प्रतिभाएं सुदूर इलाकों से उभर रही हैं। उन्‍होंने इस बात का भी उल्‍लेख किया कि खेलों को नई शिक्षा नीति में अन्‍य अकादमिक विषयों का दर्जा दिया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में कई खेल विश्‍वविद्यालय खोले जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि खिलाडियों पर उम्‍मीदों पर खरे उतरने का दबाव होता है। उन्‍होंने उन्‍हें तनाव या दवाब लिए बगैर लक्ष्‍य प्राप्‍त करने के लिए अपना शत प्रतिशत योगदान देने की सलाह दी। उन्‍होंने खिलाडियों को योग को दैनिक जीवन का हिस्‍सा बनाने और अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस में उत्‍साह से शामिल होने की अपील की। युवा मामलों और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत के लिए यह महत्‍वपूर्ण अवसर है। 188 देशों के दो हजार खिलाडी शतरंज ओलम्पियाड में हिस्‍सा लेंगे। उन्‍होंने कहा कि भारत में पहली बार शतरंज ओलम्पियाड की मशाल रिले का आयोजन हो रहा है।