\
गरियाबंद (वीएनएस)। जिला कार्यालय गरियाबंद में प्रत्येक सप्ताह सोमवार को आयोजित जनचौपाल में प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ रोक्तिमा यादव ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र से आये 18 लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर आवेदकों को उनकी समस्या के निराकरण के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। जनचौपाल में 18 नागरिकों ने अपनी समस्या संबंधी आवेदन प्रस्तुत किये। जनचौपाल में ग्राम चिंगरपार के माखनलाल और यादराम देवांगन ने वृद्धावस्था पेंशन के लिए आवेदन दिया। जिसे समाज कल्याण विभाग को प्रेषित करते हुए आवश्यक निराकरण के निर्देश दिये गये। ग्राम बेलटुकरी के कार्तिक साहू ने शौचालय निर्माण के लिए आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवास में शौचालय की आवश्यकता है। इसके अलावा स्वरोजगार हेतु, राशन कार्ड और वन अधिकार पत्र के लिए भी आवेदन प्राप्त हुआ। जिसे संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर निराकरण के लिए निर्देशित किया गया। इस अवसर जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।