दुर्ग (वीएनएस)। प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी आठवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन 21 जून को जिला प्रशासन की ओर से किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू होंगे। जिले में वृहद रूप से इसे आयोजित किये जाने हेतु दुर्ग कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे द्वारा योग दिवस कार्यक्रम की तैयारी एवं सम्पन्न कराये जाने हेतु जिला अधिकारियों को दायित्व सौंपा गया है। कलेक्टर के निर्देशानुसार योग दिवस कार्यक्रम इस वर्ष धार्मिक / ऐतिहासिक / पर्यटक स्थलों में किया जाना है, जिसके तहत ऐतिहासिक भवन कलेक्टोरेट परिसर के सामने शताब्दी गार्डन पर मंत्री ताम्रध्वज साहू, लोक निर्माण गृह, जेल, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व पर्यटन एवं संस्कृति विभाग, छ.ग. शासन के मुख्य आतिथ्य में जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, अधिकारी एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में प्रातः 07ः00 बजे से 08ः00 बजे तक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।