योग दिवस की तैयारी पूर्ण, कलेक्टर ने लिया जायजा,

Posted On:- 2022-06-20



  बलौदाबाजार(वीएनएस)।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियां आज पूर्ण हो गया है। कलेक्टर डोमन सिंह ने कृषि उपज मंडी पहुँचकर तैयारियों का जायजा लेते हुए कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया है। उन्होंने मौके पर ही सम्बंधित जिला अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारी को शत प्रतिशत सुनिश्चित करनें के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि किसी को भी यहां योग करनें पर तकलीफ नही होना चाहिए। स्कूली बच्चे निर्धारित स्थल में पहुँचे यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी की है।मौके पर पेयजल,मेडिकल, जनरेटर,विघुत,पार्किंग,टाट पट्टी जैसे व्यवस्था को सुनिश्चित करने के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिए है। गौरतलब है कि विश्व योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास का कार्यक्रम जिला मुख्यालय स्थित कृषि उपज मंडी प्रांगण में प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक आयोजित किया जायेगा। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला,विकासखंड,नगरीय निकाय एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी सामूहिक योग प्रदर्शन का कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। इस वर्ष योग दिवस धार्मिक,सामाजिक और ऐतिहासिक स्थलों पर योग प्रदर्शन करके मनाया जाएगा। इसके लिए विकासखण्ड वार योग प्रदर्शन स्थलों की सूची भी जारी कर दी गयी है। विकासखण्ड बलौदाबाजार में सोनबरसा नेचर ट्रेल,चंगोरपुरी धाम लवन,कसडोल में बारनवापारा,सोनाखान,गिरौदपुरी, तुरतुरिया पलारी में सिध्देश्वर शिव मंदिर,सिमगा में लोक महत्व स्थल दामाखेडा भाटापारा में धार्मिक स्थल मांवली माता मंदिर सिंगारपुर में योग प्रदर्शन किया जाएगा। योग प्रदर्शन के लिए अनुविभागीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इस मौके पर बलौदाबाजार एसडीएम प्रतिष्ठा ममगाईं,सीएसईबी एई श्री तिवारी,इएनडीएम सूर्यवंशी,खाद्य अधिकारी दुबे,जिला खेल अधिकारी प्रीति बंछोर सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी गण उपस्थित थे