मरवाही विधायक के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम

Posted On:- 2022-06-21



गुरुकुल खेल परिसर जिमनास्टिक हाल में किया गया सामूहिक योगाभ्यास

गौरेला पेंड्रा मरवाही (वीएनएस)। आठवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज जिला स्तरीय कार्यक्रम मरवाही विधायक डॉक्टर के के ध्रुव के मुख्य आतिथ्य में, कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी और पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल की उपस्थिति में सुबह 7 से 8 बजे तक गुरुकुल खेल परिसर जिमनास्टिक हाल में आयोजित हुआ। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य श्रीमती अर्चना पोर्ते, उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती हेमकुवर श्याम, अध्यक्ष जनपद पंचायत गौरेला ममता पैकरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अपर कलेक्टर बी सी एक्का, परियोजना निदेशक (डीआरडीए) आर के खुटे सहित जिला प्रशासन के जिला अधिकारी व गणमान्य नागरिकों ने कार्यक्रम में शामिल होकर योगाभ्यास किया। स्कूली बच्चे भी बड़ी संख्या में योग दिवस के कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

इस अवसर पर मरवाही विधायक डॉक्टर के के ध्रुव ने सभी को आठवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकार के योग का अपना एक अलग महत्व होता है, हर योग से किसी न किसी प्रकार की बीमारियां दूर होती है। इसलिए स्वस्थ और निरोग रहने के लिए योग को निरंतर अपने जीवन शैली में लाने की आवश्यकता है। प्रतिदिन योग करने से हमारा शरीर और मन-मस्तिष्क स्वस्थ और सक्रिय रहता है और शरीर की बहुत सारी बीमारियां अपने आप दूर हो जाती हैं। जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों द्वारा बैठकर, पेट के बल लेटकर, खड़े होकर, पीठ के बल लेटकर आदि विभिन्न तरीकों से योगाभ्यास कराया गया। इनमें मुख्य रूप से खड़े होकर किए जाने वाले अभ्यास में वृक्षासन, ताड़ासन, पद हस्तासना, अर्ध चक्रासन, त्रिकोणासन, बैठकर किए जाने वाले अभ्यास में भद्रासन, वज्रासन, पेट के बल लेटकर किए जाने वाले अभ्यास में मकरासन, भुजंगासन, पीठ के बल लेटकर पवनमुक्तासन, शवासन आदि अभ्यास कराए गए। इसके साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी आदि प्राणायाम भी कराया गया।

जिले भर में आयोजित हुए कार्यक्रम आज योग दिवस के अवसर पर पूरे जिले में कार्यक्रम आयोजित कर सामूहिक योगाभ्यास किया गया। सभी विकासखंड मुख्यालयों में भी कार्यक्रम हुए। जहां योग प्रशिक्षकों द्वारा योग के विभिन्न आसनों और मुद्राओं के बारे में जानकारी देकर उसके सेहत से जुड़े फायदे बताये गए।