साहित्‍यकार प्रोफेसर रामदरश मिश्र को दिया जाएगा प्रतिष्ठित सरस्‍वती सम्‍मान

Posted On:- 2022-06-21



नई दिल्ली (वीएनएस)। जाने-माने कवि और साहित्‍यकार प्रोफेसर रामदरश मिश्र को प्रतिष्ठित सरस्‍वती सम्‍मान दिया जाएगा। यह सम्‍मान उन्‍हें नई दिल्‍ली में 27 जून को 'मैं तो यहां हूं', काव्‍य संग्रह के लिए प्रदान किया जाएगा।। यह पुरस्‍कार के.के. फाउंडेशन की तरफ से दिया जाता है। इसके तहत 15 लाख रुपये नकद दिए जाते हैं। रामदरश मिश्र का जन्‍म 15 अगस्‍त, 1924 को उत्‍तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के डुमरी गांव में हुआ था। उन्‍होंने हिन्‍दी साहित्‍य की विभिन्‍न विधाओं में लेखन किया है। उनके 32 काव्‍य संग्रह, 15 उपन्‍यास, 30 लघु कथा संग्रह, 15 साहित्यिक आलोचनात्‍मक पुस्‍तकें, चार निबंध संग्रह, यात्रा संस्‍मरण और अन्‍य पुस्‍तकें प्रकाशित हुई हैं। प्रोफेसर मिश्र विभिन्‍न मंत्रालयों से सम्‍बद्ध हिन्‍दी सलाहकार समितियों के सदस्‍य भी रहे। वे दिल्‍ली विश्‍वविद्यालय के हिन्‍दी विभाग से सेवानिवृत्‍त हुए।