मार्च निकालने की नहीं मिली अनुमति, सीएम बघेल ने सड़क पर दिया धरना...

Posted On:- 2022-06-21



नई दिल्ली/रायपुर (वीएनएस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल नेताओं के साथ कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ के विरोध में कांग्रेस मुख्यालय से ईडी कायार्लय प्रदशर्न करने जा रहे थे तो दिल्ली पुलिस ने उन्हें रोका। कांग्रेस मुख्यालय से बाहर ही रोकने पर सीएम भूपेश बघेल विरोध में सड़क पर धरने पर बैठ गए।

दरअसल नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी को 5वें दिन भी ईडी ने तलब किया। इस दौरान ईडी और अग्निपथ योजना के खिलाफ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मार्च निकालने की कोशिश की, लेकिन दिल्ली पुलिस ने मार्च निकालने की अनुमति नहीं दी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता विरोध जताते हुए मार्च कर रहे थे। अकबर रोड पर पुलिस के बेरीकेडिंग होने के चलते वे वहीं धरने पर बैठ गए। उनके साथ कांग्रेस सांसद और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। दिल्ली पुलिस ने फिलहाल सभी को हिरासत में ले लिया है।

मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि अग्निपथ योजना का पूरा देश विरोध कर रहा है, युवा गुस्से में है। योजना को वापस लिया जाना चाहिए, यह देश के कल्याण में नहीं है। भाजपा कह रही है कि वे उन्हें (चार साल के बाद सेवानिवृत्त हुए युवा) कार्यालयों में चपरासी के रूप में रखेंगे। वे आरक्षण खत्म करना चाहते हैं।

सीएम बघेल के साथ छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष मरकाम, मंत्री अमरजीत भगत, सांसद ज्योत्सना महंत, फुलोदेवी नेताम छाया वर्मा सहित कई जिला अध्यक्ष और प्रदेश पदाधिकारी मौजूद है।